बहुत याद आएंगे नौटंकी के हास्य कलाकार रामखेलावन
-अवधी भाषा में प्रस्तुति देकर किया था शहीदी स्थल कहला का नाम भी रोशन

बहुत याद आएंगे नौटंकी के हास्य कलाकार रामखेलावन
संसू, गौरा : किसान आंदोलन से गौरवान्वित कहला गांव के लोककला नौटंकी के हास्य कलाकार 87 वर्षीय राम खेलावन पटेल नहीं रहे। लंबी बीमारी के चलते सोमवार की रात उनका निधन हो गया।
हास्य कलाकार रामखेलावन कहला गांव के स्वतंत्रता सेनानी राम जतन के पुत्र थे। वह गांव के प्रधान भी रह चुके थे। बचपन से ही उनकी रुचि नौटंकी की ओर बढ़ी तो किशोरावस्था में ही वह नौटंकी कलाकार बन गए। काफी दिनों तक वह मंच पर कार्य करते रहे। बाद में वह गांव के पूर्व प्रधान दयाराम पटेल के साथ भी हास्य कलाकार के रूप में जुड़े। 17 साल पहले दयाराम की नौटंकी से अलग होकर अपनी नौटंकी पार्टी खोल ली। वह ज्यादातर अवधी भाषा में संवाद अदायगी करते थे। उम्र बढ़ने के साथ अस्वस्थता बढ़ी तो उनकी इस विरासत को उनके पुत्र अशोक कुमार पटेल साहब लाल व नाती सुरेश ने संभाली। अब यह दोनों नौटंकी पार्टी खोलकर मशहूर हास्य कलाकार की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। नौटंकी कलाकार राम खेलावन कहला की शहीदी धरती का नाम रोशन करने में भी पीछे नहीं रहे। अपने हुनर का जलवा उन्होंने प्रतापगढ़ जिले के हर कोने के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों से लेकर गुजरात, मुंबई, हरियाणा, दिल्ली सहित स्थानों पर भी बिखेरा। उनकी गुदगुदाने वाली प्रस्तुति ने काफी ख्याति दिलाई। मंगलवार सुबह उनका अंतिम संस्कार प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर किया गया। कलाकार के निधन का समाचार मिलते ही उनके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, आइटम कलाकार अवधेश ओझा, बेल्हा लोक महोत्सव के सूत्रधार हेमंत नंदन ओझा समेत लोगों ने इसे लोक कला की बड़ी क्षति कहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।