प्रतापगढ़ में दो ममेरे भाइयों ने किशोरी काे अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास किया, आरोपित किशोरों पर केस दर्ज
प्रतापगढ़ के कुंडा में दो किशोरों ने एक 14 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास किया। दोनों आरोपित ममेरे भाई हैं। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। किशोरी शौच के लिए जा रही थी तभी आरोपियों ने उसे अगवा किया और पशुशाला में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।

संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। जिले के कुंडा कोतवाली इलाके में दो किशोरों ने एक किशोरी का अपहरण कर लिया और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। ये दोनों और कोई नहीं बल्कि आपस में ममेरे भाई हैं। फिलहाल दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस पड़ताल कर रही है।
किशोरी को बाइक सवार दो किशोरों द्वारा अगवा कर लिया गया। इसके बाद पशुशाला में ले जाकर छेड़खानी व दुष्कर्म करने का प्रयास किया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल भेजा।
बताया जाता है कि एक गांव की 14 साल की एक किशोरी बुधवार रात आठ बजे शौच के लिए घर से करीब 200 मीटर दूर खेत की तरफ जा रही थी। इसी बीच पड़ोस गांव के दो 16-17 साल के दो किशोर बाइक से पहुंचे। किशोरी का मुंह दबाकर उसका अपहरण करते हुए बाइक पर बीच में बैठा लिया।
इसी बीच खेत की रखवाली कर रहे एक किसान ने हलचल सुनी तो टार्च से बाइक पर रोशनी डाली। इस पर बाइक से आरोपित किशोरी को लेकर भाग निकले। करीब आधा किमी दूर जाकर किशोरी को लेकर एक पशुशाला में घुस गए। उससे छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगे।
उधर, किशोरी के अपहरण की जानकारी होने पर स्वजन व ग्रामीण शोर मचाते हुए उसकी तलाश में निकले। लोगों की आहट पाकर बाइक सवार उसे छोड़कर मौके से भाग निकले। किशोरी ने आरोपिताें के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपित किशोरों पर अपहरण, छेड़खानी, पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया। वह दोनों आपस में ममेरे भाई बताए गए। देर शाम उनको हिरासत में ले लेने की चर्चा रही। हालांकि पुलिस इससे इन्कार किया है। कुंडा कोतवाल अवन दीक्षित का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही। जल्दी ही वह पकड़ लिए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।