Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'मुझे जान का खतरा...', राजा भैया पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, दिल्ली में हुई FIR; क्या है पूरा मामला?

    Updated: Sun, 09 Mar 2025 06:55 PM (IST)

    रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी रानी भानवी सिंह ने उनके खिलाफ सफदरजंग थाने में प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। भानवी ने अपने पति पर वर्षों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार भी लगाई है। उन्हें अपने जीवन पर खतरा महसूस हो रहा है।

    Hero Image
    राजा भैया की पत्नी ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। (तस्वीर जागरण)

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनसत्ता पार्टी लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ उनकी पत्नी रानी भानवी सिंह सफदरजंग थाने में प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है।

    भानवी ने अपने पति पर वर्षों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार भी लगाई है। पुलिस को दी शिकायत में भानवी सिंह ने बताया कि राजा भैया की लगातार मारपीट के कारण उनके शरीर के अंग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्हें अपने जीवन पर खतरा महसूस हो रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने पहले भी राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन परिवार की शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उसे आगे नहीं बढ़ाया। पीड़िता ने बताया कि वह पहले वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने और परिवार में शांति के लिए चुप हो गईं। इसके बाद भी आरोपित के अत्याचार खत्म नहीं हुए।

    शादी के बाद छोड़नी पड़ी पढ़ाई

    भानवी सिंह ने शिकायत में बताया कि 17 फरवरी 1995 को शादी के कुछ दिन बाद से ही उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि शादी के बाद उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि उनके पति ज्यादातर समय लखनऊ में रहते थे, जबकि वह अपने वैवाहिक घर बैती कोठी, कुंडा, प्रतापगढ़ में अकेली रहती थीं।

    पीड़िता का आरोप है कि उनकी सास उनके वैवाहिक जीवन में दखल देती थीं। 30 साल की शादी में कई बार शारीरिक और मानसिक क्रूरता झेलनी पड़ी।

    मेरे पति एक शक्तिशाली और प्रभावशाली व्यक्ति: भानवी सिंह

    भानवी सिंह ने बताया कि वह और उनके पति शाही वंश से ताल्लुक रखते हैं। वह एक शक्तिशाली और प्रभावशाली व्यक्ति हैं। वह अवध क्षेत्र के भद्री एस्टेट से हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपने सातवें कार्यकाल में विधायक हैं। उनका काफी राजनीतिक प्रभाव है।

    भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि 1998 में गर्भवती होने के बाद भी उन्हें अपने पति से कोई भावनात्मक या शारीरिक समर्थन नहीं मिला। भानवी ने दिल्ली पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने और उनके पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    एमएलसी अक्षय ने बोला तीखा हमला

    इस प्रकरण में रघुराज प्रताप सिंह के करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी ने भानवी सिंह पर तीखा हमला बोला है। एक्स पर उन्होंने एक पत्र जारी किया है, जिसमें भानवी की मां ने भानवी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एमएलसी का कहना है कि भानवी कुमारी यह सब अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए कर रही हैं।

    गत चार वर्षों से तलाक का केस दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रहा है, जिस पर मर्यादा के कारण भैया यानी रघुराज प्रताप ने आज तक इस विषय पर कभी कुछ नहीं कहा, लेकिन भानवी सिंह ने अब बदतमीजी की सभी हदों को पार कर दिया है। भैया पर उंगली उठेगी तो उनके शुभचिंतक चुप नहीं बैठेंगे, बैठना चाहिए भी नहीं। अब इनका असली चरित्र आप सभी के सामने लाने का समय आ गया है, भानवी जी संपत्ति की लालच में कई बार अपने माता पिता पर हाथ उठा चुकी हैं।

    एफआइआर में क्या लिखा है, अभी इसकी जानकारी नहीं है। मैं अपनी बात कोर्ट में रखूंगा।

    -रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया, विधायक कुंडा

    इसे भी पढ़ें- UP Lok Sabha Election: रघुराज प्रताप उर्फ राजा भइया के रुख से मुश्‍किल में भाजपा, इन सीटों पर फंस सकता है पेंच