Noida Weather: बर्फीली हवाओं ने नोएडावासियों को ठिठुरने पर किया मजबूर, कड़ाके की शीतलहर से जनजीवन प्रभावित
नोएडा के औद्योगिक नगरी में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम पारा पांच डिग्री से नीचे रहा। वहीं अधिकतम पारा भी 15 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का पारा गिरने से सुबह और देर रात सर्दी की मार पड़ रही है।

नोएडा, जागरण संवाददाता। औद्योगिक नगरी में निचला तापमान लगातार गिर रहा है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम पारा पांच डिग्री से नीचे रहा। वहीं अधिकतम पारा भी 15 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का पारा गिरने से सुबह और देर रात सर्दी की मार पड़ रही है। बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन कोल्ड-डे (ठंडे दिन) स्थित बनी रही। आंकड़ों की माने तो बुधवार की रात इस वर्ष की अबतक की सबसे सर्द रात रही।
छाया रहा घना कोहरा
शहर में सुबह घना कोहरा रहा। कड़ाके की शीतलहर से जनजीवन प्रभावित है। दिन और रात के तापमान में अंतर कम हो जाने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट और आसमान में बादल छाए रहने से स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई। लगातार तीसरे दिन कड़ाके की सर्दी ने शहरवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह से शाम तक लोग धूप को तरस गए।
ठंड से बचने के लिए घर से नहीं निकले लोग
दोपहर एक बजे बजे के आसपास सूर्य के दर्शन तो हुए लेकिन कोहरे की चादर के पीछे छवि भर दिखी। शाम होते ही सड़क के किनारे लोग अलाव तापते दिखे। चाय की स्टालों पर अधिक भीड़ नजर आई। हालांकि अंधेरा छाने के बाद लोग अपने घरों में दुबक गए। जरूरी काम होने के बाद ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार जाते हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह स्थिति बनी है जो फिलहाल 48 घंटे तक जारी रह सकती है। कोहरे की मोटी परत ने धूप की गर्मी को धरती तक पहुंचने से रोक दिया।
ऊपर से पछुआ हवाएं गलन बढ़ा रही हैं। बृहस्पतिवार को भी हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रतिघंटा के करीब रही। इसकी दिशा उत्तर पश्चिम रही। उत्तर पश्चिम हवाओं के चलने से गलन ज्यादा महसूस हो रही है। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 100 चल रहा है।
देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा ग्रेटर नोएडा
बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 383 व नोएडा का 349 रहा। यह वायु प्रदूषण की बहुत खराब श्रेणी हैं। ग्रेटर नोएडा देश के साथ ही एनसीआर का सबसे प्रदूषित शहर रहा। गत दिवस के मुबाकले एक्यूआइ में बढ़ोतरी हुई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।