UP Weather Update: पूरे UP में सात जनवरी तक छाया रहेगा घना कोहरा, तीन दिन बाद मिल सकती है ठंड से राहत
UP Weather Update IMD ने सात जनवरी तक प्रदेश के 27 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर के लिए चेतावनी जारी की है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 7 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह सकता है और अधिकतम 21 डिग्री तक जाने की संभावना है।

ऑनलाइन डेस्क, नोएडा/लखनऊ: UP Weather Update- नए साल के साथ कड़ाके की सर्दी भी शुरू है। सोमवार को भी बर्फीली हवा ने दिनभर लोगों को गलन का अहसास करवाया। मौसम विभाग ने भी सात जनवरी तक प्रदेश के 27 जिलों में घने कोहरे और शीत दिन के लिए चेतावनी जारी की है। 31 जिलों में कोहरे से सचेत के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक एम. निदेशक के अनुसार बंगाल की खाड़ी के साथ पहाड़ों से भी हवा प्रदेश की ओर चल रही है। इस कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीत दिन के साथ दिन के तापमान में अधिक बदलाव नहीं हो रहा है। दिनभर धुंध बनती दिख रही है। बर्फीली हवा चलने से गलन महसूस होगी। तीन दिन के बाद अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी नजर आ सकती है। वहीं रात में पारा गिर सकता है। सोमवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान लगभग चार डिग्री तक गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेशभर में ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
इन जिलों में जारी रहेगा सर्दी का सितम
मौसम विभाग के अनुसार, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, बरेली, हरदोई, संभल, बदायूं, अमरोहा, शाहजहांपुर, सीतापुर, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर और आसपास के इलाकों में सर्दी का सितम जारी रहने की संभावना बनी हुई है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 7 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रह सकता है वहीं अधिकतम यह 21 डिग्री तक जाने की संभावना है।
स्कूल किए गए बंद
ठंड की ठिठुरन के चलते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। विभाग के आदेश के अनुसार लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, श्रावस्ती और मैनपुरी समेत कई जिलों में कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को 4 से 7 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री का निर्देश, डीएम करें रैन-बसेरों का आकस्मिक निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शीतलहर में हर जरूरतमंद को रैन बसेरे की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सोमवार को लोकभवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस बाबत दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीतलहर में निराश्रितों को राहत प्रदान करने के लिए प्रदेश में रैन बसेरों की स्थापना की गई है। अब तक 1200 से अधिक रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं। सभी जिलाधिकारी स्वयं रैन बसेरों की व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण करें। जहां आवश्यकता हो सुधार कराए जाएं। ठंड के मौसम में सड़क पर कोई भी व्यक्ति सोता हुआ नजर न आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक निराश्रित तथा जरूरतमंद लोगों को 2.86 लाख कंबल वितरित किए जा चुके हैं, यह क्रम आगे भी जारी रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कंबल आदि राहत सामग्री का वितरण स्थानीय सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा कराया जाए। इस दौरान प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहें। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव के समुचित प्रबंध किए जाएं। बता दें कि राज्य के सभी 75 जिलों में वितरण के लिए सरकार ने कुल 496883 कंबलों की खरीद की है, इनमें से 2.86 लाख कंबल का वितरण हो भी चुका है।
साढ़ बारह हजार से ज्यादा जगहों पर हर रोज जल रहे अलाव
पूरे प्रदेश में अलाव के लिए कुल 14043 स्थान चिह्नित किए गए हैं, इनमें से 12594 जगहों पर प्रतिदिन अलाव जल रहे है। लखनऊ में 724 स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। वहीं अलीगढ़ में 505, प्रयागराज में 429, उन्नाव में 411, बिजनौर में 402, हरदोई में 370, मेरठ में 306, सिद्धार्थनगर में 294, मऊ में 283, सहारनपुर में 262, मुरादाबाद में 256, शाहजहांपुर में 255, गाजीपुर में 252, जौनपुर में 246, सीतापुर में 233 स्थानों पर प्रतिदिन अलाव जल रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।