Nikki Murder Case में नया खुलासा, विपिन ने एक महीने पहले ही बना लिया था हत्या का प्लान; ब्यूटी पार्लर के नाम पर खरीदा था थिनर
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को जिंदा जला दिया गया। मृतका के गांव में शोक का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि पति ने थिनर से जलाकर हत्या की।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में कासना काेतवाली के सिरसा गांव में दहेज में 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर पत्नी को जिंदा जलाने की रोंगटे खड़ी कर देने वाली घटना के बाद लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है।
रूपबास गांव में मृतका के घर सांत्वना देने वालों का न केवल ताता लगा है, बल्कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रिया देकर दहेज के लोभियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, पुलिस जांच में सामने आया है कि ज्वलनशील पदार्थ (थिनर) डालकर हत्यारोपितों ने निक्की को जिंदा जलाया था। एक महीने पहले विपिन दिल्ली की एक दुकान से थिनर खरीदकर लाया था। निक्की के साथ मारपीट तो वह कई बार कर चुका था। पिछले एक माह से वह निक्की की हत्या की योजना बना रहा था।
विपिन भाटी आवारा किस्म का था। ग्रामीणों ने बताया कि वह कोई काम नहीं करता था। रात में डिस्को जाता था। निक्की को घर चलाने के लिए पैसा देना बंद कर दिया था। घर का खर्चा चलाने के लिए कई बार पिता से पैसे लिए। बाद में निक्की घर पर ही ब्यूटी पार्लर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने लगी। हत्यारोपी ब्यूटी पार्लर के नाम पर ही थिनर खरीदकर लाया था।
मृतका की बहन का आरोप है कि उसे जुआं खेलने व डिस्को जाने का भी शोक था। कुछ कमाने के बजाय वह निक्की की ब्यूटी पार्लर की कमाई को भी अपनी अय्याशी में खर्च कर देता था। जिसकी वजह से घर में अकसर झगड़े होते थे। परिजनों ने हत्यारोपी पति पर एक लड़की से प्रेम-प्रसंग होने का भी आरोप लगाया है।
मृतका के चाचा राजकुमार ने बताया कि पिछले साल निक्की ने एक लड़की के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया था। जिसकी सूचना निक्की ने मयके पक्ष को दी थी। मयके पक्ष के लोग भी पहुंच गए थे। जिसके बाद विवाद भी हुआ था। उस दौरान सामाजिक लोक लज्जा व व आरोपी पति के माफी मांगने पर मामला शांत हो गया था।
यह भी पढ़ें- Nikki Murder Case: ‘सीने में गोली लगती तो मिलती कलेजे को ठंडक’, पिता की CM योगी से गुहार- आरोपी के घर पर चले बुलडोजर
वहीं, एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो 2024 का बताया जा रहा है। वीडियो में विपिन के साथ कुछ लोग हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। जबकि कार में एक लड़की बैठी है।
मृतका की बहन कंचन ने बताया कि आग लगाने से कुछ देर पहले झगड़ा हुआ था। जिसकी उसने वीडियो बनाई थी। बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी मारपीट की। जिसके बाद निक्की अपने कमरे में ऊपर चली गई थी। बीमार होने की वजह से कंचन ने डॉक्टर बुलाकर हाथ में ड्रिप लगवाई हुई थी। तभी ऊपर से मार दो खत्म कर दो आवाज आना शुरू हो गई। वह ड्रिप निकालकर घटना स्थल की तरफ दौड़ी तो सीढ़ियों से आग की लपटों में घिरी निक्की नीचे उतरते हुए पति और सांस से जीवन की भीख मांग रही थी। आग की लपटों के बीच घिरी निक्की मदद के लिए सीढ़ियां उतरते हुए घर से बाहर पहुंची। कंचन ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन दर्दनाक मंजर देखकर वह बेहोश हो गई।
परिवार में पसरा मातम, मां को अस्पताल कराना पड़ा भर्ती
बेटी की दर्दनाक मौत के बाद रूपबास गांव में मातम पसरा है। शांत्वना देने पहुंच रहे लोग भी पीड़ित परिजनों को रोता बिलखता देख अपने आंसू नहीं थाम पा रहे हैं। घटना के बाद से मृतका की मां मंजू सदमें में है। वह बार-बार बेहोश हो रही है। रविवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें दादरी के नवीन अस्पताल भर्ती कराना पड़ा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।