Muzaffarnagar: बदमाशों की अफवाह ने ली 13 साल के अंश की जान, तमंचे से फायरिंग के प्रयास में खुद को लगी गोली
Muzaffarnagar News मुजफ्फरनगर में अफवाहों का दौर जारी है जिसने एक और जान ले ली। रामपुर गांव में बदमाशों के आने की अफवाह के बीच पूर्व प्रधान के 13 वर्षीय पुत्र की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले भी खतौली में ऐसी ही अफवाह के कारण एक किसान की जान गई थी।

संवाद सूत्र, जागरण, छपार (मुजफ्फरनगर)। गांवों में रोजाना रात में बदमाशों के आने का शोर मच रहा है। यह अफवाह अब जानलेवा हो गई है। रामपुर गांव में भी शुक्रवार देर रात बदमाशों के आने की अफवाह से मचे शोर-शराबे के बीच तमंचे से गोली चलने पर पूर्व प्रधान के 13 वर्षीय पुत्र की जान चली गई।
छपार थाना क्षेत्र के गांव रामपुर के पूर्व प्रधान प्रशांत शर्मा का 13 वर्षीय पुत्र अंश शुक्रवार रात में घर में सो रहा था। देर रात साढ़े तीन बजे गांव में बदमाश आने का शोर मचा। अंश भी स्वजन के साथ नींद से जाग गया। उसने तमंचे से फायरिंग करने का प्रयास किया तो गोली उसके हाथ को छूती हुई पेट में लग गई।
इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव का ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार कर दिया। पीड़ित पिता प्रशांत का एक बड़ा बेटा आर्यन है। सीओ सदर देवव्रत वाजपेई ने बताया कि संदिग्ध परिस्थिति में किशोर से ही गोली चलने से उसकी ही मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है। घटना की अभी तहरीर नहीं मिली है।
अफवाह के कारण मौत की दूसरी घटना
31 जुलाई की दोपहर को भी खतौली थाना क्षेत्र के गांव अंती में बदमाशों के आने की अफवाह पर गन्ने के खेत को घेरा गया था। तब लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने पर किसान संजय की मौत हो गई थी। इस मामले में संजय के पुत्र प्रिंस को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बंदूक का लाइसेंस संजय के नाम था।
पुलिस खूब कर रही जागरूक, समझ नहीं रहे लोग
जिले में पहले तो रात में ड्रोन उड़ने की अफवाह फैली। उसके बाद बदमाशों के आने की अफवाह लगातार किसी न किसी गांव में फैल रही है। पुलिस प्रशासन की तरफ से लोगों को जागरूक करने का खूब प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके लोग समझने को तैयार नहीं हैं। कभी चोर समझकर मानसिक रूप से कमजोर लोगों को पीटा जा रहा है, तो कभी गांव में आने वाले रिश्तेदार को। जबकि पुलिस की तरफ से ऐसी घटनाएं होने पर कई मुकदमे भी विभिन्न थानों में दर्ज कराए जा चुके हैं और अफवाह फैलाने वालों को गिरफ्तार भी किया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।