Moradabad: खो बैराज से छोड़ा जा रहा है पानी, तेजी से बढ़ रहा रामगंगा नदी का जलस्तर; गांवों तक पहुंचने लगा पानी
Moradabad News मुरादाबाद में भी लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है। खो बैराज से छोड़ा जा रहा पानी मुरादाबादवासियों के आफत लेकर आ रहा है। पानी छोड़े जाने के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जल्द ही यह खतरे के निशान के ऊपर भी पहुंच जाएगा। वहीं दूसरी ओर पानी गांवों तक पहुंचने लगा है। लोगों को बाढ़ का डर सता रहा है।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। खो बैराज से छोड़ा जा रहा पानी मुरादाबाद के लोगों के लिए चिंता का कारण बनता जा रहा है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार की तुलना में रामगंगा नदी के जलस्तर में 50 मिमी की वृद्धि हुई है। अब नदी खतरे के निशान से मात्र 65 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। वहीं खो बैराज से पानी छोड़ने का क्रम लगातार जारी है।
शनिवार को बांध से दिन भर में अलग-अलग समय पर लगातार पानी छोड़ा गया। इससे नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। हालांकि, कालागढ़ डैम से पानी नहीं छोड़े जाने से अभी राहत है। रामगंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे पानी गांवों की सड़कों तक पहुंचने लगा है। इसके साथ ही महानगर से गुजरते हुए नदी के किनारों पर किए निर्माण की दीवारों से टकराने लगा है। प्रशासन लगातार निगरानी का दावा कर रहा है।
पानी में डूबी सड़कें, डरा रहा रामगंगा का जलस्तर
शनिवार सुबह आठ बजे रामगंगा का जलस्तर 189.90 मीटर पर था, जो शाम को और 189.95 मीटर पहुंच गया। जलस्तर अब खतरे के निशान 190.60 से मात्र 65 सेंटीमीटर नीचे है। मुरादाबाद के 57 गांवों के किनारे तक पानी पहुंच चुका है। कई गांवों के सड़कें भी पानी में डूब गई हैं। हालांकि, प्रशासन किसी भी गांव में पानी नहीं घुसने का दावा कर रहा है, शुक्रवार को पानी कम बरसा। शनिवार को भी जनपद में करीब दस मिमी वर्षा हुई है। इससे नगर के लोगों को राहत मिली।
सड़कों के गड्ढों को भरने का हो रहा काम
इस दौरान नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, मुख्य सचिव के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। सड़कों के गड्ढों को भरने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने कारण महानगर वासियों की चिंता बढ़ गई है। बहुत से लोग नदी के जलस्तर को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। इसके साथ ही शाम को नदी किनारे पहुंचने वालों की संख्या अभी अच्छी खासी रहती है।
अधिकारियों ने कही ये बात
खो बैराज में बहुत अधिक पानी नहीं रोका जा सकता, इसलिए वहां से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। अभी तक जो पानी का बहाव है, वह अधिकतम है। अच्छी बात यह है कि कालागड़ डैम से पानी नहीं छोड़ा गया है। रविवार सुबह तक रामगंगा के जलस्तर में कमी आएगी। सुभाष चंद्र, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड मुरादाबाद
तीन मीटर तक और भर सकता है खो बैराज में पानी
खो बैराज का अधिकतम जलस्तर 227.30 मीटर तक रखा जा सकता है। इस समय बैराज का पानी 224.30 पर पहुंच चुका है। अभी तीन मीटर और भरने की क्षमता है। लेकिन लगातार हो रही वर्षा के कारण पानी लगातार छोड़ा जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।