Mirzapur News: 1.375 सेमी प्रति घंटे बढ़ रहा मीरजापुर में गंगा का जलस्तर, लोगों को सता रहा बाढ़ का डर
Mirzapur News Today उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में गंगा नदी का जलस्तर हर घंटे बढ़ रहा है। रविवार को सुबह 10 बजे तक 67.02 मीटर तक गया गंगा का जलस्तर दर्ज किया गया। प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 1.375 सेंटीमीटर प्रति घंटे जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। लोगों को अब बाढ़ का डर सताने लगा है।

मीरजापुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश में करीब हर जिले में नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। मीरजापुर में भी गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। जहां गत 13 जुलाई को गंगा का जलस्तर 63 सेंटीमीटर दर्ज किया गया वहीं तीन दिन बाद यह बढ़कर 67 मीटर के पार चला गया। नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों को बाढ़ की चिंता सताने लगी है।
रविवार को सुबह 10 बजे तक 67.02 मीटर तक गंगा का जलस्तर दर्ज किया गया। प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 1.375 सेंटीमीटर प्रति घंटे जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। यही हाल रहा तो आगामी दस दिन में चेतावनी बिंदु तक जलस्तर का आंकड़ा पहुंच सकता है।
जलस्तर बढ़ने से लोगों को सता रहा डर
वर्ष 2021 में गंगा का जलस्तर 78.400 मीटर तक पहुंच गया था जबकि वर्ष 2022 में भी 78.00 मीटर तक जलस्तर दर्ज किया गया था। गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए अब जनपद के निचले इलाकों के लोगों में अभी से धुकधुकी बढ़ने लगी है। बाढ़ से हर वर्ष सदर व चुनार तहसील के करीब 200 से ज्यादा गांव प्रभावित होते हैं। यहां तक कि कई गांवों में आवागमन तक पूरी तरह से बंद हो जाता है।
छत पर ही शरण लेते हैं लोग
हर वर्ष यह देखने को मिलता है कि जनपद के निचले इलाके जब पानी से पूरी तरह से घिर जाते हैं तो लोग अपने सामान को छतों पर रख लेते हैं। कई परिवार तो छत पर ही शरण ले लेता है। हालांकि जरूरत के सामान पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से नाव की व्यवस्था की जाती है। इस बार भी बाढ़ की संभावना को देखते हुए 38 बाढ़ चौकियों की स्थापना की गई है।
प्रशासन बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क हो गया है। इलाके में सभी को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। बढ़ते जलस्तर के चलते अब घाटों पर सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।