World Athletics Championship: 35 किमी रेस वाक में मेरठ की प्रियंका को मिला यह स्थान, अब पारुल व अन्नू पर निगाहें
Priyanka Goswami टोक्यो में विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में मेरठ की बेटी प्रियंका गोस्वामी 35 किमी पैदल चाल में 24वें स्थान पर रहीं। चैंपियनशिप में 3000 मीटर स्टीपल चेस में मेरठ की पारुल चौधरी और भाला फेंक में अन्नू रानी भी भाग लेंगी। गर्मी के कारण प्रतियोगिता आधा घंटा पहले शुरू हुई। इसमें दुनियाभर के 2000 से अधिक एथलीट भाग ले रहे हैं।

जागरण संवाददाता, मेरठ। टोक्यो में आज से शुरू हुई विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में प्रियंका गोस्वामी ने 35 किमी पैदल चाल स्पर्धा में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में प्रियंका गोस्वामी 24वें स्थान पर रही हैं। उन्होंने अपनी रेस 3.05:58 घंटे में पूरी की। इस प्रतियोगिता में स्पेन की मारिया परेज ने अपनी रेस 2.39:01 घंटे में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। इटली की एथलीट एंटोनेला पालमिसानो ने अपनी रेस 2.42:24 घंटे में पूरी कर रजत पदक प्राप्त किया। इक्वेडोर की पाउला मिलेना टोरेस में अपनी रेस 2.42:44 घंटे में पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक जीता।
प्रियंका गोस्वामी (Priyanka Goswami)स्वर्ण पदक विजेता एथलीट से करीब 26 मिनट से पीछे रहीं। इस स्पर्धा में चौथे नंबर पर चीन और पांचवें नंबर पर पोलैंड की एथलीट रहीं। इस स्पर्धा में 47 एथलीट थीं, जिसमें से 38 ने अपनी रेस पूरी की। उनमें प्रियंका 24वें स्थान पर रहीं। 35 किमी रेस वाक की पुरुष स्पर्धा में भी भारतीय रेसर 23वें स्थान पर रहे।
पारुल की इवेंट 15 और अन्नू की 19 सितंबर को
विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में अब 3,000 मीटर स्टीपल चेस में पारुल चौधरी (Parul Chaudhary) की प्रतियोगिता 15 सितंबर को होगी और भला फेंक में अन्नू रानी (Annu Rani)की प्रतियोगिता 19 सितंबर को होगी। इन दोनों एथलीटों के सामने भी विश्व के चैंपियन एथलीट होंगे।
भारतीय समयानुसार यह है दोनों के इवेंट का समय
पारुल चौधरी
इवेंट : 3,000 मीटर स्टीपल चेज
तिथि : 15 सितंबर-हीट
समय : सुबह 7 बजे
तिथि : 17 सितंबर-फाइनल
समय : शाम 6:27 बजे
अन्नू रानी
इवेंट : भाला फेंक
तिथि : 19 सितंबर-क्वालीफिकेशन
समय : अपरान्ह 4 व शाम 5:30 बजे
तिथि : 20 सितंबर-फाइनल
समय : शाम 5.35 बजे
अधिक गर्मी के कारण आधा घंटे पहले शुरू हुई प्रतियोगिता
टोक्यो में आधी गर्मी के कारण इस वर्ष की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप आधा घंटे पहले शुरू हुई। आयोजन समिति और विश्व एथलेटिक्स ने प्रतियोगिता के पहले तीन दिन की सभी प्रतियोगिताओं का समय आधा घंटा पीछे किया है। प्रियंका गोस्वामी ने भी दो दिन पहले दैनिक जागरण को बताया था कि टोक्यो में गर्मी और उमस अधिक होने के कारण अभ्यास में कठिनाई हो रही है। कुछ अन्य एथलीटों ने भी गर्मी अधिक होने संबंधी पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर साझा किए थे।
टोक्यो में अब तक का सर्वाधिक तापमान
जापान ने 1898 में रिकार्ड शुरू होने के बाद से सबसे अधिक गर्मी अब देखी है, जिसमें तापमान औसतन 2.36 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। विश्व चैंपियनशिप का कार्यक्रम मध्य सितंबर में रखा गया था, जब टोक्यो में तापमान गर्मियों की तुलना में कम होने की उम्मीद थी, लेकिन इस साल तापमान अब भी मध्य ग्रीष्म ऋतु जैसा ही बना हुआ है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का 20वां संस्करण 13 से 21 सितंबर तक चलेगा, जिसमें लगभग 200 देशों के 2,000 से अधिक एथलीट 49 इवेंट्स में पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे। इनमें नौ दिनों के दौरान 147 पदक दिए जाएंगे। इसके लिए कुल 75 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। महिलाओं और पुरुषों के लिए समान संख्या में 24-24 प्रतियोगिताएं और एक मिश्रित इवेंट रखा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।