वंदना को अर्जुन पुरस्कार, गदगद हुआ मेरठ
हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करके जिले का नाम भी रोशन ि

मेरठ,जेएनएन। हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करके जिले का नाम भी रोशन किया है। उत्तराखंड की रहने वाली वंदना का हाकी का शुरुआती प्रशिक्षण स्पोर्ट्स सिटी मेरठ में ही हुआ। यहां से लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल और फिर जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय कैंप के लिए उनका चयन हुआ था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को वंदना कटारिया सहित 18 हाकी खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार और दो खिलाड़ियों को खेल का सर्वोच्च पुरस्कार खेल रत्न प्रदान किया। जिले के हाकी खिलाड़ी, कोच, संगठन इस उपलब्धि को हाकी के नए दौर की शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं।
हाकी को बढ़ाने का असर दिखेगा
जिला हाकी संघ के अध्यक्ष विवेक कोहली के अनुसार वंदना कटारिया इस सम्मान की हकदार थीं। उन्हें यह सम्मान मिलने से मेरठ का नाम भी चमका है। टोक्यो ओलिंपिक गेम्स में दोनों हाकी टीमों के प्रदर्शन ने देश को गर्व करने का अवसर दिया। पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता, तो महिला टीम ने भी दमदार प्रदर्शन से दुनिया का दिल जीता था। 35 में से 18 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड और दो को खेल रत्न मिलने से हाकी के प्रति अलग माहौल बनेगा।
मेरठ में हो चुकी है हाकी को बढ़ाने की पहल
मेरठ में हाकी प्रशिक्षण को नए आयाम तक पहुंचाने की कवायद शुरू हो चुकी है। जल्द ही कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में हाकी एस्ट्रोटर्फ बन जाएगा। इससे यहां प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। जिला हाकी संघ की ओर से आइटीआइ साकेत में भी हाकी प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही हाकी खिलाड़ियों को स्तरीय उपकरण भी मुहैया कराए जाएंगे।
---
-वंदना सहित कई हाकी खिलाड़ियों को पुरस्कार मिलने से मेरठ सहित देश के हर हिस्से में बालक-बालिकाओं का हाकी के प्रति रुझान बढ़ेगा। इसका असर हमें अगले कुछ सालों में दिखेगा।
-प्रदीप चिन्योटी, सचिव, जिला हाकी संघ -भारतीय हाकी के लिए यह स्वर्णिम दिन है। 35 में 18 अर्जुन अवार्ड और दो खेल रत्न उस दौर की याद दिलाता है जब हाकी की नेशनल टीम में आठ से 10 खिलाड़ी मेरठ के हुआ करते थे। आशा है कि यह सम्मान मेरठ के स्वर्णिम काल को वापस लाएगा।
-प्रवीण शर्मा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी
-----
-मुझे वंदना को अर्जुन अवार्ड मिलने का इंतजार था। बहुत अच्छा लग रहा है। उन्हें खेलता देखते हुए ही हम राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं।
-रीटा, राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी -वंदना को अर्जुन पुरस्कार मिलने से देश भर की बालिका हाकी खिलाड़ियों का मान बढ़ा है। इस बार तो हाकी ही हाकी दिख रही है।
-शिवानी शर्मा, अंतरराष्ट्रीय हाकी अंपायर -यह सम्मान एक खिलाड़ी की सालों की मेहनत को समर्पित होता है। वंदना वरिष्ठ खिलाड़ी हैं और इसकी हकदार भी हैं।
-प्रभा ठाकुर, राष्ट्रीय हाकी अंपायर -टोक्यो ओलिंपिक गेम्स में उन्हें देखकर हम सभी रोमांचित हुए। उन्हें यह अवार्ड मिलना पूरी हाकी बिरादरी को पुरस्कार मिलने जैसा है।
-ईशा डोगरा, राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।