निधि समर्पण अभियान में 5 फरवरी तक छूटे क्षेत्रों में जाएंगी टोलियां, सेवा बस्ती में होगा संपर्क Meerut News
मेरठ प्रांत की अभियान समिति ने प्रांत में अभियान चलाने के लिए 15 जनवरी से 31 जनवरी तक का समय निर्धारित किया था। जिसमें समाज से मिले योगदान के चलते अभियान संपन्न होने की तरफ बढ़ चला है।
मेरठ, जेएनएन। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण व जन-जन की धार्मिक भावनाओं सहेजने के लिए देश समेत मेरठ प्रांत में चल रहे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान प्रांत में अभियान पूर्ण आहुति की ओर बढ़ चला है। ऐसा इसलिए क्योंकि मेरठ प्रांत की अभियान समिति ने प्रांत में अभियान चलाने के लिए 15 जनवरी से 31 जनवरी तक का समय निर्धारित किया था। जिसमें समाज से मिले योगदान के चलते अभियान संपन्न होने की तरफ बढ़ चला है।
फिलहाल मेरठ महानगर समेत प्रांत में 5 फरवरी तक अभियान को आगे बढ़ दिया है। बढ़ाए गई अवधि में टोली उन इलाकों में प्राथमिकता से जाएंगी जो क्षेत्र पहले चले अभियान के दौरान आच्छादित नहीं हो पाए थे। अभियान के प्रांत अभियान प्रमुख राजकुमार डूंगर ने बताया कि अभियान प्रांत समेत कई जिलों में करीब-करीब सभी क्षेत्रों में अभियान पहुंच चुका है। जिन इलाकों के लोगों तक अभियान नहीं पहुंची है इस अवधि में वहां तक विशेष तौर पर टोलियां संपर्क करेंगी।
वहीं अभियान के महानगर प्रचार प्रमुख व विश्व हिंदू परिषद के महानगर मंत्री निमेश वशिष्ठ ने बताया कि अभियान को पूरा करने के लिए अब टोली सेवा बस्तियों का रुख करेंगी। साथ ही उन कालोनियों में जाकर घरों पर दस्तक देंगी। साथ ही क्षेत्र में सभी परिवारों से संपर्क करने वाली शाखा व बस्तियों की टोलियां कूपन बुक आदि सामग्री जमा करने में जुट गई हैं। रामनगर शाखा की टोली ने इसी क्रम में मंगलवार को अभियान से संबंधित सामग्री को समिति के नगर पदाधिकारियों को सौंपा।