विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी के इस शहर में मस्जिद पर आधी रात को चला बुलडोजर, दिन में लोग उखाड़ ले गए थे खिड़की-दरवाजे

Published: Sat, 22 Feb 2025 02:28 AM (IST)

मेरठ में दिल्ली रोड पर स्थित 85 साल पुरानी जहांगीर खां मस्जिद को शुक्रवार रात सहमति पर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी ...और पढ़ें

शुक्रवार रात डेढ़ बजे मस्जिद का बुलडोजर से मलबा हटाते एनसीआरटीसी के कर्मचारी। जागरण
शुक्रवार रात डेढ़ बजे मस्जिद का बुलडोजर से मलबा हटाते एनसीआरटीसी के कर्मचारी। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली रोड स्थित बनी थी मस्जिद, सुबह से शुरू हुआ था तोड़ने का काम
  2. पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में एनसीआरटीसी ने आधी रात के बाद हटाया

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली रोड पर ईरा माल के सामने 85 साल पुरानी जहांगीर खां मस्जिद को शुक्रवार रात सहमति पर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में एनसीआरटीसी ने हटा दिया। अब वहां सड़क बनाने की तैयारी की जा रही है। 

इससे पहले सुबह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस मस्जिद को खाली कर चौखट और दरवाजे उखाड़ लिए थे। उसके बाद एडीएम सिटी से मिलकर मस्जिद को खुद हटाने से इनकार कर दिया था। कहा था कि प्रशासनिक अफसर मस्जिद खुद हटाएं। मस्जिद के लिए दूसरे स्थान को लेकर शनिवार को प्रतिनिधिमंडल एडीएम सिटी से मिलेगा।

रैपिड रेल के संचालन को लेकर भूमिगत कार्य जारी

जगदीश मंडप के सामने रैपिड रेल के संचालन को लेकर भूमिगत कार्य चल रहा है। यहां सड़क निर्माण चल रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) अधिकारी लगातार सड़क के बीच में आ रही मस्जिद के कारण कार्य प्रभावित होने की बात कह रहे थे। 

रैपिड कार्य पूरा होने में इसे बड़ी बाधा बताया जा रहा था। प्रशासनिक अधिकारी सहमति बनाने के प्रयास में जुटे थे। गुरुवार रात एडीएम सिटी बृजेश सिंह व एनसीआरटीसी अधिकारियों ने मस्जिद के कारी (कुरान को नियम के हिसाब से पढ़ने वाला) जमीम अहमद से बातचीत कर उन्हें मस्जिद हटाने के लिए कहा था।

 

आदेश पर मस्जिद को पूरी तरह से खाली किया गया

जमील अहमद ने बताया कि एडीएम सिटी के आदेश पर मस्जिद को पूरी तरह से खाली कर चौखट और दरवाजे निकलवा दिए। एडीएम ने लेबर लगाकर मस्जिद को हटाने का प्रस्ताव रखा जिसे कारी ने अस्वीकार कर दिया। 

शुक्रवार को जमील, शालीन, बाबर अली के साथ एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम सिटी से मिला। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि समाज के लोग मस्जिद नहीं हटाएंगे। मस्जिद से जुड़े पदाधिकारियों के आग्रह पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में शुक्रवार आधी रात के बाद एनसीआरटीसी के कर्मचारियों की मदद से मस्जिद को हटा दिया गया। 

मलबा हटाते हुए सड़क निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई। दिन में कारी ने बताया था कि यह 85 साल पुरानी मस्जिद है और वह 46 साल से कारी का पद संभाल रहे हैं। 

दिल्ली रोड पर रैपिड रेल का काम चल रहा है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग की है। सड़क में मस्जिद आ रही थी। सभी की सहमति से पीडब्ल्यूडी और एनसीआरटीसी अफसरों की मदद से मस्जिद रात में हटा दी गई है। अब रैपिड का काम भी सुचारू होगा और जाम की समस्या का भी समाधान होगा।

-बृजेश सिंह, एडीएम सिटी   

यह भी पढ़ें: 'अब्बास अंसारी के खिलाफ 10 दिन में जांच पूरी करो', यूपी पुलिस को सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।