बागपत में कलक्ट्रेट के पास दिनदहाड़े दुष्कर्म पीड़िता का अपहरण, कार सवार चार लोगों ने दिया घटना को अंजाम
बागपत में चार कार सवार बदमाश दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित कलक्ट्रेट के पास से दुष्कर्म पीड़िता को अगवा कर ले गए। कार सवार चार लोगों ने दिया घटना को अंजाम। साढ़े चार घंटे में पुलिस ने पीड़िता को बरामद किया।

बागपत, जेएनएन। अपराधियों में पुलिस का जरा भी खौफ नजर नहीं आ रहा है। इसकी बानगी मंगलवार को देखने को मिली। दिनदहाड़े कार सवार चार लोग दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित कलक्ट्रेट के पास से दुष्कर्म पीडि़ता को अगवा कर ले गए। साढ़े चार घंटों की भागदौड़ के बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान चला पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।
यह है मामला
बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला से परिवार के ही एक युवक ने सोमवार तड़के घर में घुसकर दुष्कर्म किया था। मुंह खोलने पर पीडि़ता को जान से मारने की धमकी दी थी। रात में पीडि़ता ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मंगलवार सुबह महिला कांस्टेबल मंजू यादव ई-रिक्शा से पीडि़ता को मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रही थी। साथ में उसका पति भी था।
आरोप है कि कलक्ट्रेट के निकट जिला अस्पताल को जाने वाले रास्ते पर पहले से ही ईको कार में सवार चार लोग पीडि़ता को अगवा कर बड़ौत की तरफ लेकर भाग गए। पति ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने धक्का दे दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मची। एएसपी मनीष कुमार मिश्र, सीओ अनुज मिश्र, कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा व महिला थाना प्रभारी साक्षी ङ्क्षसह ने मौके पर पहुंचे और पति से जानकारी की। इसके बाद पुलिस ने पूरे जिले में चेकिंग अभियान चला दिया। करीब साढ़े चार घंटे के अंदर पुलिस ने पीडि़ता को सकुशल बरामद कर लिया।
मेडिकल से पहले गायब हो गई थी महिला
उधर, एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि दुष्कर्म पीड़िता का अस्पताल में मेडिकल होना था। मेडिकल से कुछ समय पहले महिला कहीं चली गई थी, जो मिल गई है। महिला ने अपने चचेरे देवर के साथ अपनी मर्जी से जाना स्वीकार किया है। महिला के पति ने भी इसकी पुष्टि की है। इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।