Meerut News : पेट्रोल नहीं देने पर दो सेल्समैन को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पंप पर तोड़फोड़, मुकदमा दर्ज
Meerut News मेरठ के परीक्षितगढ़ में पेट्रोल नहीं देने पर हमलावरों ने पंप पर तोड़फोड़ की और दोनों सेल्समैन को पीटा। घटना में 20 से अधिक लोग शामिल थे। उन्होंने हाकी और डंडों से हमला किया। पंप के मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल न देने पर दो सेल्समैन को दौड़ाकर पीटा गया। 20 से ज्यादा हमलावरों ने हाकी-डंडों से पंप पर तोड़फोड़ करते हुए मशीनें तोड़ दीं। हमलावर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी ले गए। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर हमलावरों को चिह्नित किया है। पंप मैनेजर दिनेश त्यागी की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
पंप मैनेजर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कमला नगर निवासी धीनेंद्र जैन के बेटे विवेक जैन की शनिवार को मौत हो गई थी। विवेक का परीक्षितगढ़ के गांव बहलोलपुर में पेट्रोल पंप है। उनकी मौत के बाद पंप को कुछ दिन के लिए बंद कर दिया गया। दरअसल, इस दौरान पंप पर कंपनी से तेल नहीं आ सका।
बुधवार रात करीब आठ बजे पंप पर बाइक लेकर परीक्षितगढ़ निवासी विकल पेट्रोल लेने पहुंचा। उस समय पंप पर सेल्समैन प्रिंस और लवकुश मौजूद थे। दोनों सेल्समैन ने विकल को बताया कि पेट्रोल नहीं है। इसके बाद भी विकल ने पेट्रोल डालने की जिद की। इसी पर सेल्समैन और विकल में कहासुनी हो गई। विकल बाइक को पंप पर ही छोड़कर धमकी देकर चला गया।
कुछ देर बाद विकल अपने 20 से अधिक साथियों के संग हाकी व डंडे लेकर पंप पर पहुंचा। सभी ने दोनों सेल्समैन को दौड़ाकर पीटा। खून से लथपथ दोनों सेल्समैन जमीन पर गिर गए। आरोपितों ने पंप में भी तोड़फोड़ की। कर्मचारी सुमित भाटी ने शौचालय में छिपकर जान बचाई।
सेल्समैन ने मैनेजर दिनेश त्यागी को जानकारी दी। मैनेजर पंप पर पहुंचे और पुलिस को सूचना की। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी हमलावरों को चिह्नित कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी को पुलिस की दो टीमें लगाई हैं। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।