Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Meerut News : आखिर कौन हैं जिन्होंने क्षतिग्रस्त कर दीं छह मजार ? पुलिस के सामने बड़ा सवाल, मजारों की मरम्मत पूर्ण

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 02:59 PM (IST)

    Meerut News मेरठ के फलावदा कस्बे में कुछ शरारती तत्वों ने कब्रिस्तान में छह मजारों को तोड़ दिया जिससे लोगों में गुस्सा फैल गया। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त मजारों की मरम्मत का कार्य करा दिया है।

    Hero Image
    फलावदा में मजार क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रदर्शन कर रोष व्यक्त करते मुस्लिम समाज के लोग। जागरण 

    जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। शरारती तत्वों ने फलावदा कस्बे में गुरुवार रात कब्रिस्तान में बनी मोहम्मद बब्बल शाह की मजार समेत छह मजारें तोड़ दीं। सुबह पता लगने पर लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। दोपहर को एडीएम सत्यप्रकाश, एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा व सीओ सरधना आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे और उनके आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। उधर, शुक्रवार रात भर राजस्व टीम की देखरेख में मजारों की मरम्मत का कार्य चला। आरोपित अभी पुलिस पकड़ से दूर हैं। मौके पर पुलिस तैनात है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फलावदा कस्बा स्थित काले सिंह मंदिर मार्ग पर कब्रिस्तान है। जहां मोहम्मद बब्बल शाह की मजार के साथ कई अन्य मजारें भी हैं। दोनों समुदाय के लोग उक्त मजार पर चादर चढ़ाते हैं। शरारती तत्वों ने गुरुवार रात बब्बल शाह की मजार के साथ-साथ पांच अन्य मजार तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दीं। सुबह सूफी निजामुद्दीन व पड़ोसी खेत स्वामी जुनैद वहां पहुंचे तो ईंटे बिखरी हुई थीं। सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए।

    प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। लोगों ने शरारती तत्वों की गिरफ्तारी होने तक अधिकारियों की बात मानने से इन्कार कर दिया। एसडीएम और सीओ भी पहुंच गए। उन्होंने क्षतिग्रस्त मजारों के पुनिर्निर्माण और और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही, लेकिन लोग हंगामा करते रहे। तनाव को देखते हुए भारी पुलिसबल मौके पर पहुंच गया।

    दोपहर में एडीएम और एसपी देहात मौके पर पहुंचे और कई दौर की वार्ता में लोग माने। उन्होंने टूटी मजार दुरुस्त कराने और दो टीमें लगाकर आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। करीब पांच घंटे बाद मामला शांत हुआ। टूटी मजारों का निर्माण भी शुरू करा दिया गया। साबिर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

    एसपी देहात राकेश मिश्रा का कहना है कि क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत का कार्य करा दिया है। पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे। माहौल शांत है और पुलिस बल तैनात कर दिया है। सीसीटीवी कैमरे खंगालकर आरोपितों की पहचान की जा रही है।