Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मेरठ की बेटी कविता गोस्वामी ने पाई खास उपलब्धि, UP पुलिस की पहली महिला कुश्ती कोच बनीं

    Updated: Tue, 16 Sep 2025 02:37 PM (IST)

    Meerut News मेरठ की कविता गोस्वामी उत्तर प्रदेश पुलिस की पहली महिला कुश्ती कोच बनीं हैं। उन्होंने अपने भाई से प्रेरित होकर कुश्ती सीखी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते। 2018 में पुलिस में भर्ती हुईं वर्तमान में सीतापुर में तैनात हैं। उन्होंने कहा कि वह लड़कियों को कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ाएंगी। इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।

    Hero Image
    महिला कुश्ती खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करातीं कविता गोस्वामी (बाएं)।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। खेल जगत में मेरठ का नाम एक बार फिर से रोशन हुआ है। गढ़ रोड स्थित भोपाल विहार निवासी कविता गोस्वामी को यूपी पुलिस की पहली महिला कुश्ती कोच बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न सिर्फ मेरठ, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। कविता के पहली महिला कुश्ती कोच बनने पर परिवार में खुशी का माहौल है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कविता गोस्वामी ने अपनी शुरुआती शिक्षा मेरठ से पूरी की और फिर कुश्ती की बारीकियां सीखने को ग्वालियर चली गईं। बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली कविता ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर कुश्ती के क्षेत्र में पहचान बनाई। उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर प्रदेश तथा देश का नाम रोशन किया।

    कविता का कहना है कि उनकी इस सफलता के पीछे उनके पिता सुभाष गिरी, माता सरला देवी, उनके कोच डा. जबर सिंह सोम और अर्जुन अवार्डी अलका तोमर का विशेष योगदान रहा है। अलका तोमर ने उन्हें हर कदम पर प्रेरित और सहयोग किया। कविता ने अपने पति आशु गिरी, भाई-भाभी और पूरे परिवार का भी आभार जताया।

    कविता ने बताया कि उनके भाई अमरीश गोस्वामी कुश्ती खिलाड़ी थे। अमरीश का नेशनल स्तर पर कुश्ती में चयन हो गया था, लेकिन रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण वह नहीं खेल पाए थे। भाई से प्रेरित होकर ही कविता ने भी कुश्ती के दाव-पेंच सीखे। कविता स्पोर्ट्स कोटे से वर्ष 2018 में यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुई थीं। इस समय उनकी तैनाती सीतापुर पुलिस लाइन में है। कविता गोस्वामी ने कहा कि वह लड़कियों को कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम करेंगी। कविता की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है।