विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वेस्ट यूपी में हाई कोर्ट बेंच को लेकर 22 जिलों में आंदोलन, मेरठ में अधिवक्ताओं संग सड़क पर उतरी जनता, लगाया जाम

Published: Sat, 20 Sep 2025 01:09 PM (IST)

Meerut News पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति ने कचहरी से बेगमपुल ...और पढ़ें

हाई कोर्ट बेंच को लेकर मेरठ में अधिवक्ताओं संग सड़क पर उतरी जनता, लगाया जाम
हाई कोर्ट बेंच को लेकर मेरठ में अधिवक्ताओं संग सड़क पर उतरी जनता, लगाया जाम

HighLights

  1. हाई कोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति के आवाह्न पर कचहरी से बेगमपुल तक निकाला पैदल मार्च
  2. शामिल हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व्यापारी और सामाजिक संगठन

जागरण संवाददाता, मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर कचहरी में मेरठ बार कार्यालय से लेकर बेगमपुल तक पैदल मार्च निकला गया। बेगमपुल पहुंचकर दो घंटे तक हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर नारेबाजी प्रदर्शन किया गया। मानव श्रृंखला बनाकर बेगम पुल को जाम रखा गया। बेंच की मांग को लेकर इस आंदोलन में सैकड़ो कीं संख्या में अधिवक्ताओं के साथ व्यापारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित जनता उमड़ी। सभी ने एक स्वर में मेरठ में हाई कोर्ट बेंच की मांग की।

उधर, प्रदर्शन के दौरान पूरे समय इस बात को लेकर चर्चा रही कि भाजपा से कोई पदाधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि बेगम पुल पर नहीं पहुंचा। अंतिम क्षण में एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और महापौर हरिकांत अहलूवालिया बेगम पुल पर पहुंचे। दोनों ने बताया कि भाजपा का समर्थन हाई कोर्ट बेंच को है। अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शहर से बाहर हैं, इसलिए वह आज इस आंदोलन में नहीं पहुंच सके।

22 जनपदों में नहीं किया न्यायिक कार्य

पश्चिम उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति हाई कोर्ट बेंच स्थापना के आंदोलन को जन आंदोलन बनाने की घोषणा की थी। उसी के तहत आज का पैदल मार्च और धरना प्रदर्शन किया गया। संघर्ष समिति के आह्वान पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी 22 जनपदों में आज अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया और शहर के प्रमुख चौराहा और स्थान पर प्रदर्शन किया। मेरठ में भी सुबह से ही अधिवक्ता मेरठ बार के नानक चंद सभागार में एकत्र हुए। कचहरी की सभी दुकानें और अधिवक्ताओं के चेंबर बंद रहे।

नारेबाजी करते हुए शुरू किया पैदल मार्च, 

लगभग 11:00 बजे कचहरी से नारेबाजी करते हुए हाथों में बैनर और नारे लिखी तख्तियां लेकर सैकड़ो अधिवक्ताओं की भीड़ ने पैदल मार्च शुरू किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भाटी के साथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहीं से जुलूस में शामिल रहे। प्यारेलाल शर्मा रोड से होता हुआ जुलूस और पैदल मार्च बेगम पुल पर पहुंचा। यहां मानव श्रृंखला बनाकर बेगमपुल को जाम कर दिया। 

यहीं पर सपा विधायक अतुल प्रधान, सपा जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता, दूसरे गुट से नवीन गुप्ता आबूलेन व्यापार संघ से सरदार राजबीर सिंह, कांग्रेस महानगर कमेटी, सफाई मजदूर संघ से कैलाश चंदोला, आजाद अधिकार सेना, मेरठ कॉलेज छात्रसंघ, कंकरखेड़ा व्यापार संघ से नीरज मित्तल, बसपा समेत तमाम संगठन और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी पहुंचे। सभी ने हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रदर्शन में साथ दिया और दर्रे को संबोधित करते हुए बेंच की मांग को अपना समर्थन दिया।

वाहनों के सामने सड़क पर लेटे अधिवक्ता

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता बेगमपुल चौराहे पर जगह-जगह धरना देकर बैठे रहे। इस बीच कुछ रास्तों पर वाहन निकालने लगे तो युवा अधिवक्ताओं ने सड़क पर लेट कर उन्हें रोका।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।