मेरठ में सर्राफ की वर्कशॉप से 80 लाख का सोना-चांदी चुराने वाले मुंबई से गिरफ्तार, CCTV फुटेज से पकड़े गए
मेरठ के कागजी बाजार सर्राफा में एक सर्राफ की दुकान से 80 लाख का सोना-चांदी चोरी हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की और उन्हें मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। चोरी का सारा माल बरामद कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को मेरठ ला रही है। इस घटना से सर्राफा बाजार में सनसनी फैल गई थी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। कागजी बाजार सर्राफा में एक सर्राफ की वर्कशाप का ताला काटकर चोरों ने 80 लाख का सोना-चांदी चोरी कर लिया। बेखौफ चोरों ने आराम से ताला काटा फिर अंदर घुसकर तिजोरी खोली। उसमें रखा सामान चुराया ओर तिजोरी को लाक कर उसकी चाबी ले गए।
जाते समय चोर अपना ताला मुख्य द्वार पर लगाकर फरार हो गए। 80 लाख की चोरी से सराफा बाजार में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज चेक की तो इसमें एक चोर नजर आया। पहचान के बाद पुलिस ने उनका पीछा किया ओर मुंबई से उसके साथी संग दबोच लिया।
चुराया गया सारा सोना-चांदी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस दोनों को लेकर मेरठ के लिए रवाना हो गई है। चोरी के 24 घंटे बाद ही पुलिस ने दोनों चोर व चुराया सामान बरामद किया है।
ब्रह्मपुरी की मास्टर कालोनी निवासी सतीश मराठा की कागजी बाजार स्थित बालाजी मार्केट में वर्कशाप है। सतीश सर्राफ हैं। रक्षाबंधन के चलते शनिवार को सतीश वर्कशाप बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे एक चोर वर्कशाप पहुंचा ओर ताले काटकर अंदर घुसे।
इसके बाद वर्कशाप में रखी चाबी से तिजोरी खोलकर उसमें रखा 750 ग्राम सोना ओर छह किलो चांदी चोरी कर ली। जाते-जाते चोर तिजोरी को लाक कर चाबी अपने साथ ले गया और शटर पर अपने ताले लगा दिए। रविवार सुबह 11 बजे सतीश वर्कशाप पहुंचे।
उनके ताले टूटे पड़े थे और शटर पर दूसरे ताले लगे थे। उन्होंने आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी दी। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी नेता वहां पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। एएसपी अंतरिक्ष जैन और थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे।
एएसपी शटर के ताले तुड़वाकर अंदर गए तो तिजोरी का लाक लगा था और चाबी गायब थी। तिजोरी का लाक तुड़वाकर देखा तो उसके अंदर रखा सोना और चांदी गायब था। एएसपी ने फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड को बुलाकर जांच कराई।
कागजी बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री मनोज गर्ग, कोषाध्यक्ष विकास रस्तोगी, विजय मराठा, पिंटू वर्मा व यश रस्तोगी ने घटना पर गंभीर बताते हुए इसके राजफाश की मांग की। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें एक युवक नजर आया। पुलिस ने सर्राफ व अन्य लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया।
सतीश ने तीन माह पहले अपने यहां काम करने वाले सौरभ के होने की आशंका जताई। पुलिस ने सर्विलांस से उसकी लोकेशन चेक की तो शक सही निकला। इसके बाद पुलिस की तीन टीम मुंबई रवाना की गई।
देर रात कोतवाली पुलिस ने मुंबई पुलिस के सहयोग से 24 वर्षीय सौरभ साठे पुत्र तानाजी साठे निवासी गांव ओबराग तालुका पाटन जिला सतारा व 24 वर्षीय मोहन पुत्र मारूति पंवार निवासी मुंब्रा देवी दिवा मुंबई को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से बैग में चोरी किया गया सारा सोना-चांदी व सिक्के बरामद कर लिए गए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, दोनों चोरों व बरामद सामान लेकर पुलिस मेरठ के लिए रवाना हो गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।