Meerut: सुशांत सिटी में ताबड़तोड़ फायरिंग, बचाव में गार्डों ने चलाई गोलियां, प्रापर्टी डीलर व रिर्जोट मालिक गिरफ्तार
Meerut News मेरठ के परतापुर क्षेत्र में सुशांत सिटी कालोनी में वर्चस्व को लेकर देर रात फायरिंग हुई। विवाद ने तूल पकड़ लिया। रिर्जोट मालिक ने युवकों को बुलाकर हमला किया जिसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग हुई। पुलिस ने प्रापर्टी डीलर और रिर्जोट मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। परतापुर की सुशांत सिटी कालोनी के सेक्टर तीन में कांप्लेक्स के समीप रात एक बजे वर्चस्व को लेकर प्रापर्टी डीलर और रिर्जोट स्वामी में कई लाइसेंसी हथियारों से राउंड फायरिंग हो गई। रिर्जोट स्वामी ने आसरा में बने फ्लैट से बड़ी संख्या में लड़कों को बुलाकर जमकर हंगामा काटा। सुरक्षा गार्डों ने फायरिंग कर दोनों पक्षों को शांत किया। उसके बाद पुलिस ने प्रापर्टी डीलर और रिर्जोट स्वामी को गिरफ्तार कर लिया।
कुंडा गांव के प्रापर्टी डीलर मनीष कसाना अपने साथी पीयूष कौशिक निवासी तुलसी कालोनी कंकरखेड़ा के साथ मिलकर कार में सुशांत सिटी में रहने वाले सचिन गुप्ता को घर छोड़ने गए थे। वहां से कांप्लेक्स पर होते हुए वापस लौट रहे थे। कांप्लेक्स पर राज रिर्जोट के स्वामी तुषार डागर उर्फ चीनू निवासी सुशांत सिटी अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। आरोप है कि मनीष कसाना ने अपनी कार को कांप्लेक्स के पास रोक कर पेशाब कर दिया। इसका तुषार डागर ने विरोध किया। उसके बाद दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर वर्चस्व की लड़ाई लड़ने लगे।
तभी तुषार डागर ने अपने पिता तेजवीर को बुला लिया। साथ ही आसरा में रहने बागपत बडौत के रजत, छोटू उर्फ दीप, शिवशक्ति नगर परतापुर के तुषार गर्ग, बिजवाड़ा बागपत के अभिनव तोमर, मोदीपुरम के अर्शदीप और सूरजकुंड सिविल लाइन के हर्षित को बुला लिया। यह सभी लोग सुशांत सिटी के आसरा सेक्टर में किराए के मकानों में रहते हैं। उसके बाद दोनों तरफ से लाइसेंसी और अवैध हथियारों से फायरिंग की गई। अफरा तफरी का माहौल बन गया। गेट से सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। वह भी मामले को काबू नहीं कर सकें। तब उन्होंने भी हवाई फायरिंग कर दी। तब दोनों पक्षों के लोग शांत हुए।
इसी बीच आरएएफ कट पर तैनात पुलिस भी गोलियों की आवाज सुनते हुए मौके पर पहुंची। मनीष कसाना और तुषार डागर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना स्थल से खोखे बरामद किए गए। अन्य आरोपितों की धरपकड़ को दबिश डाली जा रही है। मनीष कसाना का लाइसेंसी पिस्टल बरामद करने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश डाली है। देर रात तक पुलिस लाइसेंसी पिस्टल बरामद नहीं कर सकी है। कालोनी में पीएसी की एक प्लाटून तैनात कर दी गई हैं। आसरा सेक्टर में रहने वाले सभी युवक और युवतियों का वेरीफिकेशन किया जा रहा है।
एसएसपी डा. विपिन ताडा का कहना है कि सुशांत सिटी कालोनी में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की तरफ से दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को सीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगा दी गई है। साथ ही कालोनी के अध्यक्ष को भी चेतावनी दी गई कि वह भी कालोनी में व्यवस्था बनाएं, वरना उनको भी मुकदमे में आरोपित बनाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।