Meerut News: बारात में चढ़त के दौरान फायरिंग-पथराव, थाने तक पहुंची आवाज… फिर भी पुलिस ने कर दी देर
मेरठ में एक शादी समारोह में गोलीबारी की घटना सामने आई। मैराकी विवाह मंडप में बारात में चढ़त के दौरान दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया जिसमें होटल स्वामी अनिल कसाना ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो युवक उत्कर्ष मित्तल और शशांक घायल हो गए। पुलिस ने अमन कसाना को हिरासत में ले लिया जबकि मुख्य आरोपी अनिल कसाना फरार हो गया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। परतापुर के दिल्ली रोड स्थित मैराकी विवाह मंडप में गुरुवार रात बारात में चढ़त के दौरान दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। मारपीट के दौरान होटल स्वामी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से बारात में आए दो युवक घायल हो गए।
गोली चलते ही बारात में भगदड़ मच गई। परिवार के लोगों ने घायलों को चौरासिया नर्सिंग होम में भर्ती कराया। इसके बाद एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल युवक के पिता ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। मुख्य आरोपी होटल स्वामी भाजपा से भी जुड़ा हुआ है।
यह है पूरा मामला
ब्रह्मपुरी के सरस्वती लोक निवासी दिनेश मित्तल लाेहा व्यापारी है। गुरुवार रात में उनके बेटे अक्षित मित्तल की बारात परतापुर के मैराकी विवाह मंडप में गई थी। बारात में इंदिरानगर निवासी संजय मित्तल अपने बेटे उत्कर्ष मित्तल के साथ गए थे।
मंडप के बराबर में ही अनिल कसाना का कसाना नाम से गेस्ट हाउस है। रात करीब 11 बजे जब बारात चढ़त के दौरान बाराती डांस कर रहे थे। बारात जब कसाना गेस्ट हाउस के सामने पहुंची तो वहां मौजूद अनिल कसाना के कर्मचारियों से बारातियों की मारपीट हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों की तरफ पथराव हो गया। इसी बीच अनिल कसाना ने अपने साथी अमन कसाना को फोन कर बुलाया। उसके बाद बारातियों को समझाने का प्रयास किया। बारातियों ने उन्हें दौड़ा दिया। इसी दौरान होटल स्वामी अनिल कसाना निवासी कुंडा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गोली चला दी।
गोली उत्कर्ष मित्तल के पैर को छूते हुए गुलमोहर पार्क निवासी शशांक के हाथ में जा लगी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। गोली चलते ही बारात में भगदड़ मच गई और परतापुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अमन कसाना को हिरासत में ले लिया। अनिल कसाना फरार हो गया।
थाना परिसर तक पहुंची फायरिंग की आवाज
मैराकी मंडप में फायरिंग की आवाज परतापुर थाना परिसर तक पहुंच गई। उसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी भाग निकला। देर रात तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज देखती रही।
इंस्पेक्टर दिलीप बिष्ट ने बताया कि फायरिंग हुई है, किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। घायलों को पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार के लोगों ने चौरसिया नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया है।
इस मामले में अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। हैरत की बात है कि परतापुर थाने से मंडप सौ मीटर की दूरी पर है। उसके बाद भी पुलिस को पहुंचने में काफी समय लग गया था।
यह भी पढ़ें: पत्नी ने पकड़े हाथ और प्रेमी ने... मेरठ के अमित हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी, पुलिस ने दोनों को भेजा जेल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।