विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Meerut: कृषि विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर बर्खास्त, छात्रों से अभद्रता व कम नंबर देने की धमकी देने का मामला

Published: Thu, 21 Aug 2025 04:25 PM (IST)

Meerut News मेरठ के सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में प्रबंध समिति की बैठक हुई जिसमें बायो टेक्नोलाजी के ...और पढ़ें

कृषि विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर बर्खास्त (सांकेतिक फोटो)
कृषि विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर बर्खास्त (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय प्रबंध समिति की बैठक
  2. बायो टेक्नोलाजी महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर नरेश प्रताप सिंह पर थे गंभीर आरोप

जागरण संवाददाता, मेरठ। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रबंध समिति की बुधवार को 61वीं बैठक हुई। जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए हैं। बैठक में बायो टेक्नोलाजी महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर को बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया। इन शिक्षक पर विद्यार्थियों के साथ अभद्रता करने और कम नंबर देने की धमकी देने आरोप थे। बैठक में प्रबंध परिषद में शासन के आदेश पर दो और नए सदस्यों को तीन साल के लिए सदस्य बनाया गया है।

कुलपति डा. केके सिंह से हुई थी शिकायत

बायो टेक्नोलाजी महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर नरेश प्रताप सिंह पर कुछ दिन पहले एक कोर्स के छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया था कि वह क्लास लेते समय अभद्रता करते हैं। साथ ही बात नहीं मानने पर कम नंबर देने की धमकी देते हैं। जिसके बाद यह शिकायत कुलपति डा. केके सिंह तक पहुंची थी। उन्होंने इस प्रकरण की जांच बैठाई।

जांच में दोषी पाए जाने पर हुआ था तबादला

जांच में वह दोषी पाए गए तो नरेश प्रताप सिंह का तबादला बदायूं कर दिया गया था। इसी प्रकरण में दोबारा से जांच हुई तो फिर से असिस्टेंट प्रोफेसर दोषी पाए गए। बुधवार को हुई प्रबंध परिषद की बैठक में नरेश प्रताप सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है।  

बैठक की अध्यक्षता कुलपति ने की। बैठक में अनिल कुमार, वित्त नियंत्रक पंकज चतुर्वेदी मौजूद रहे। साथ ही एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, विधायक रफीक अंसारी, दातागंज-बदायूं से राजीव कुमार सिंह आनलाइन बैठक में जुड़े थे।

प्रबंध परिषद की बैठक में यह भी लिए गए निर्णय

- विश्वविद्यालय में डीन का पदभार तीन साल में बदला जाएगा।

- दूसरे विश्वविद्यालयों से आए शिक्षकों की सेवा लेने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।

- प्रबंध परिषद की बैठक में जो बजट पेश किया गया, उसे मंजूर कर दिया गया।

- समाज सेविका सुमन त्यागी, प्रगतिशील पशुपालक किसान राकेश शर्मा को प्रबंध परिषद का सदस्य बनाया गया है।