Meerut News : होटल स्वामी से मांगी 25 लाख की रंगदारी, डीआइजी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
Meerut News मेरठ के होटल मालिक से रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। अरविंद अग्रवाल ने अजय तोमर नाम के व्यक्ति पर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, मेरठ : साकेत निवासी होटल स्वामी अरविंद अग्रवाल ने होटल की देखभाल करने वाले अजय तोमर पर 25 लाख की रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अजय तोमर अपने साथी बिल्डर अशोक गर्ग और सूरज प्रकाश के साथ मिलकर हत्या की धमकी दे रहे है। डीआइजी के आदेश पर सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर मामले की विस्तार से विवेचना की जा रही है।
सिविल लाइंस थाने के साकेत निवासी अरविंद कुमार अग्रवाल का आबूलेन में होटल स्क्वायर है। उसकी देखभाल अजय तोमर नगला बटटू करता है। अरविंद अग्रवाल ज्यादातर देहरादून में रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से अजय तोमर के खिलाफ ग्राहक और पड़ोसी शिकायत कर रहे थे।
आरोप था कि होटल में अनैतिक कार्य करा रहा है। अजय तोमर ने होटल की बुकिंग का हिसाब भी देना बंद कर दिया। साथ ही होटल में अपराधिक लोगों को बुलाने लगा। हालांकि होटल का बिजली का बिल और अन्य खर्च अजय तोमर ही चुका रहा था। चार अप्रैल को शाम पांच बजे अरविंद अग्रवाल ने अजय तोमर से होटल का हिसाब मांगा।
आरोप है कि पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही एक एग्रीमेंट दिखाया कि होटल किराए पर लिया हुआ है। चेतावनी दी कि 25 लाख की रकम देने के बाद ही होटल छोड़ देगा। उसके बाद अरविंद्र अग्रवाल वहां से अपने इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम पर आ गए।
उसके बाद मामले की जानकारी सदर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और अजय तोमर के साथ ही चली गई। उल्टे पुलिस घटना की सीसीटीवी फुटेज देखने लगी। उसके बाद पुलिस बिना कार्रवाई के लौट गई।
फिल्मीस्तान सिनेमा और आबूलेन स्थित इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम के फर्जी कागजात बनाकर हमारे ऊपर ही इंचौली और गंगानगर में फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए। पुलिस जांच के बाद उक्त मुकदमों में अंतिम रिपोर्ट लगा दी। यह मुकदमा सूरज प्रकाश व अशोक गर्ग ने कराया था। अशोक गर्ग ने अपने साथियों द्वारा मिलकर सिनेमा पर कब्जा करने के लिए मुकदमा कराया था।
सूरज प्रकाश ने इलेक्ट्रानिक शोरूप पर कब्जा करने के लिए न्यायालय में झूठे व फर्जी कागजात बनाकर मुकदमा कराया। इतना ही नहीं दोनों आरोपित अपहरण कर काफी मोटी रकम भी वसूली कर चुके है।
अरविंद कुमार ने बताया कि अजय तोमर, अशोक गर्ग और सूरज एक साथ रहते हैं। अशोक गर्ग ने अपने साथियों के साथ मिलकर रंगदारी मांगी थी। अजय तोमर होटल के फर्जी इकरारनाम दिखाकर रंगदारी मांग रहा है।
अरविंद की तरफ से आरोपितों पर रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ संतोष कुमार ने बताया कि मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।