Meerut: कैंसर पीड़ित बुजुर्ग को गले में सटाकर मारी गोली, मौत, घर के भीतरी हिस्से में थे परिवार के लोग, नहीं लगी भनक
Meerut News मेरठ के रोहटा गांव में कैंसर पीड़ित 61 वर्षीय बृजवीर की घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में थे और उन्हें घटना की जानकारी नहीं हुई। बृजवीर को गले में सटाकर गोली मारी गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाद सूत्र, जागरण रोहटा (मेरठ)। कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की दिनदहाड़े घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली तमंचे से गले में सटाकर मारी गई। उस समय वह चारपाई पर लेटे थे और परिवार के लोग घर के भीतरी हिस्से में 30 मीटर दूर कमरे में मौजूद थे, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। बाद में खून से लथपथ शव को देखकर परिवार के लोगों ने शोर मचाया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। कैंसर से बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने घर भेज दिया था। परिवार ने किसी भी रंजिश से इन्कार किया है।
रोहटा गांव में रासना-कुटी संपर्क मार्ग पर 61 वर्षीय बृजवीर का मकान है। बृजबीर काफी समय से गले के कैंसर से पीड़ित थे। कई डाक्टरों के पास उपचार कराने के बाद स्वजन घर पर ही उनकी सेवा कर रहे थे। घर पर बृजवीर के अलावा उनकी पत्नी, बेटा, पुत्रवधू और दो बच्चे रहते हैं। शुक्रवार दोपहर मकान के बाहरी हिस्से में बने कमरे में पत्नी ने बृजवीर को खाना खिलाया और अंदर चली गईं। अंदर के कमरे में परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।
कुछ देर बाद पत्नी बृजवीर को देखने पहुंचीं। उसी समय एक पड़ोसी भी हालचाल लेने आ गए। इन्होंने बृजवीर को खून से लथपथ देखा। बृजवीर बोल नहीं पा रहे थे। उनको सरधना सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि तमंचे से सटाकर गोली मारी गई है। परिवार की तहरीर पर अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। लोगों ने पूछताछ में बताया कि दोपहर के समय गली में कोई आता-जाता दिखाई नहीं दिया। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि हत्या में किसी जानकार का भी हाथ हो सकता है, क्योंकि गोली सामने से सटाकर मारी गई है। पुलिस का कहना है कि गोली घर के बाहर से नहीं चलाई गई। इससे इतना तो साफ है कि हत्या करने वाला अंदर आया और वारदात को अंजाम देकर चला गया। उसे घर के बारे में पूरी जानकारी रही होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।