Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Meerut Panchayat Chunav 2021 Voting: छिटपुट घटनाओं के बीच मेरठ में कुल 73.25 फीसद मतदान

    By Himanshu DwivediEdited By:
    Updated: Mon, 26 Apr 2021 08:37 PM (IST)

    मेरठ में छिटपुट घटनाओं के बीच कई जगहों पर फर्जी वोट डालने को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने एक को फर्जी वोट डालते हुए हिरासत में भी ले लिया। वहीं फालावदा में दो पक्षों में आमने- सामने की भिड़त में पत्‍थरबाजी हुई। वहीं अतिसंवेदनशील बूथ दोपहर बाद खाली पड़े रहे।

    Hero Image
    अति संवेदनशील भदौड़ा गांव का बूथ केंद्र खाली पड़ा हुआ।

    मेरठ, जेएनएन। Meerut Panchayat Chunav 2021 Voting: उत्‍तर प्रदेश के मेरठ जनपद में आज सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 73.25 फीसद मतदान हुआ। सुबह सात बजे से ही मतदान के लिए लोगों का आना शुरू हो गया था। जनपद में छिटपुट घटनाओं के बीच कई जगहों पर फर्जी वोट डालने को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने एक को फर्जी वोट डालते हुए हिरासत में भी ले लिया। वहीं फालावदा में दो पक्षों में आमने- सामने की भिड़त में पत्‍थरबाजी हुई। अतिसंवेदनशील बूथ दोपहर बाद खाली पड़े रहे। अतिसंवेदनशील बूथ भदौड़ा गांव के बूथ भी दोपहर बाद खाली पड़ गए। यहां मतदान करने के लिए लोग शाम को पहुंचे। बता दें कि 479 ग्राम पंचायतों में 866 मतदान स्थलों में 2346 बूथ बनाए गए थे। जहां 13,38,181 मतदाता मतदान कर सकते थे। 866 मतदान स्थलों में 231 संवेदनशील, 310 अति संवेदनशील तथा 92 मतदान स्थल अति संवेदनशील प्लस थीं। इन सभी पर पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात की गई थी। पूरे जनपद को 35 जोन और 148 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए थे। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुबह 9:00 बजे तक 15% मतदान हुआ 

    सुबह सात बजे से ही महिलाओं में भारी उत्‍साह दिखा है। हर बूथों पर पुरुषों से ज्‍यादा महिलाओं की संख्‍या देखने को मिली है। इसी कारण सुबह नौ बजे तक 15 फीसद तक मतदान पूरे जनपद का हुआ। वहीं युवाओं ओर बुजुर्गों में भी मतदान करने की होड़ रही। अभी तक कहीं भी कोई घटना नहीं हुई है। सीआरपीएफ के जवान मौके पर तैनात हैं। संवेदनसील जगहों पर खास नजर बनी हुई है। 

    11 बजे तक 26 फीसद मतदान, फर्जी वोट डालने पर एक को दबोचा 

    जैनपुर गांव में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर हंगामा हो गया। पुलिस ने एक को फर्जी वोट डालते हुए भी पकड़ लिया। किसी तरह मजिस्‍ट्रेट मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाल लिया। इस दौरान लोगों ने खूब हंगामा किया। वहीं 11 बजे तक पूरे जिले में 26 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान भारी संख्‍या में पुरुषों से ज्‍यादा महिलाएं और युवतियां मतदान के लिए पहुंची थीं। साथ ही बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों में भी मतदान को लेकर उत्‍साह दिखा।

    1:00 बजे तक 38.66% मतदान 

    कड़ी धूप के बीच एक बजे तक 38.66 प्रतिशत मतदान पूरे जनपद में हुआ। वहीं खरखौदा में 39 जबकि सबसे अधिक जानी में 43 फीसद मतदान हुआ। बूथों पर लोगों की लंबी कतार लगी हुई है। धूप में भी लोगों का उत्‍साह कम नहीं हो रहा। वहीं अब पुरूषों की संख्‍या में इजाफा हुआ जबकि महिलाओं के वोट प्रतिशत में कमी आई है। 

    3:00 बजे तक जनपद मेरठ में 55% मतदान, खाली पड़े अति संवेदनशील बूथ 

    दोपहर तीन बजे के बाद मतदान केंद्रों की गति धीमी पड़ गई है। तीन बजे तक 55 फीसद तक मतदान हुआ। वहीं कई जगहों पर मतदाओं की अभी भी लाइन लगी हुई है जबकि कई जगहों पर मतदान केंद्र खाली पड़ गए। वहीं अतिसंवेदनशील गांव भदौड़ा में भी मतदान केंद्र खाली पड़े रहे। यहां पर सुशील फौजी और योगेश भदौड़ा की पत्नियां आमने सामने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही है। 

    5:00 बजे तक मेरठ में 69.3% मतदान 

    फलावदा में जमकर हुआ पथराव 

    परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कैली रामपुर और फलावदा थाना क्षेत्र के गांव समसपुर में प्रधान पद के दो समर्थकों के बीच टकराव भी हुआ। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए और गांव में तनावपूर्ण स्थिति भी बन गई। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स दोनों गांवों में पहुंचा और लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। फिलहाल दोनों गांव में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी कर दिया गया। 

    चार पद, चार रंग के मतपत्र : प्रत्येक पद के लिए अलग अलग रंग का मतपत्र मिलेगा। चारों मतपत्रों को एक ही बाक्स में डालना होगा। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद, प्रधान ग्राम पंचायत के लिए हरा, सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए नीला व सदस्य जिला पंचायत के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा।

    सार्वजनिक अवकाश घोषित

    डीएम ने मतदान दिवस 26 अप्रैल को जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। उद्योगों में भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। संक्रमित पीपीई किट पहनकर मतदान करेंगे।

    एक नजर में जनपद का चुनाव

    ग्राम प्रधान पद                    479

    ग्राम पंचायत सदस्य पद        6373

    12 क्षेत्र पंचायतों के सदस्य          824

    जिला पंचायत के सदस्य पद 33

    कुल मतदाता          13,38,181

    कुल मतदान केंद्र          866

    कुल मतदान बूथ            2346

    सामान्य मतदान केंद्र       233

    संवेदनशील मतदान केंद्र     231

    अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र 310

    अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र      92

    जोनल मजिस्ट्रेट                                 35

    सेक्टर मजिस्ट्रेट                               148