क्या जलाभिषेक के बाद खुल गया है दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और दिल्ली-दून हाईवे? यहां देखिए लेटेस्ट अपडेट
मेरठ में कांवड़ यात्रा का समापन होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई है। दिल्ली रोड हापुड़ रोड और गढ़ रोड पर कांवड़ियों के लिए आरक्षित मार्ग खोल दिए गए हैं। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे और दिल्ली-दून हाईवे पर भी वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। पुलिस ने अन्य जिलों से समन्वय स्थापित कर मार्गों को खुलवाया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। कांवड़ यात्रा का बुधवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ समापन हुआ। इसके बाद शाम आठ बजे से शहर में कांवड़ियों के लिए दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, गढ़ रोड पर आरक्षित मार्ग पर भी आवागमन शुरू कर दिया गया।
हालांकि, कई स्थानों पर दिन में ही लोगों ने बल्लियां हटाकर रास्ता खोल लिया था। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे, दिल्ली-दून हाईवे व चौ. चरण सिंंह कांवड़ मार्ग पर रात 12 बजे से हल्के भारी वाहनों का आवागमन शुरू किया गया।
रात 12 बजे से ही भारी वाहनों काे भी शहर में प्रवेश करने की छूट दी गई। वाहनों का आवागमन शुरू होने से लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। सामान लेकर खड़े ट्रक भी सड़कों पर दौड़ते दिखाई दिए।
कांवड़ यात्रा के दौरान 11 जुलाई से दिल्ली-दून हाईवे समेत विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया था। भारी वाहनों का प्रवेश भी यहां बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह जलाभिषेक के साथ ही कांवड़ यात्री अपने घरों की ओर लौटने लगे। इस दौरान भी हाईवे पर काफी भीड़ रही।
पुलिस ने एहतियात बरतते हुए कांवड़ मार्ग पर हल्के भारी वाहनों का आवागमन बंद रखा। केवल एक लेन पर वाहनों का आवागमन होता रहा। शहर में भी यह व्यवस्था शाम आठ बजे तक जारी रही।
एसपी राघवेन्द्र मिश्र ने बताया कि, शाम सात बजे गाजियाबाद, नोएडा, मुजफ्फरनगर व बागपत के अधिकारियों से संपर्क कर कांवड़ियों की संख्या की जानकारी ली गई। अधिकांश कांवड़ियों के वापस लौटने की सूचना के बाद शाम आठ बजे शहर में सभी कांवड़ मार्ग पर दोनों ओर वाहनों का आवागमन शुरू किया गया।
रात 12 बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे व दिल्ली-दून हाईवे व चौ. चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर सहमति के बाद हल्के भारी वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि रात से ही शहर के बाहर इंतजार कर रहे लोडिड ट्रक को भी शहर में प्रवेश दिया गया। रात से ही सिटी बस, रोडवेज व प्राइवेट बसों का संचालन भी शुरू हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।