मेरठ के चर्चित सोतीगंज बाजार में वाहन चोरी के आरोपित फैजान की तलाश में गाजियाबाद पुलिस का छापा, कबाड़ियों मची भगदड़
Sotiganj raid: गाजियाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपित फैजान की तलाश में मेरठ के सोतीगंज में छापा मारा। छापेमारी के दौरान कबाड़ियों में भगदड़ मच गई।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कई स्थानों पर छापेमारी के बाद भी वांछित नहीं मिला।
गाजियाबाद एसओजी टीम ने मेरठ में डेरा डाला।
जागरण संवाददाता, मेरठ। वाहन चोरी के मामले में वांछित आरोपित फैजान की तलाश में गाजियाबाद पुलिस ने सोतीगंज मार्केट में छापा मारा। कई स्थानों पर छापेमारी के बाद भी पुलिस को वांछित फैजान नहीं मिला।
रविवार देर शाम पुलिस की छापेमारी होते ही सोतीगंज के कबाड़ियों में भगदड़ मच गई। देर रात गाजियाबाद एसओजी टीम की तीन गाड़ियां पहुंची। उन्होंने वाहन चोरी के एक मामले में फैजान की तलाश की। उसके घर व गोदाम पर छापा मारा लेकिन वह हाथ नहीं आया। जानकारी पर सदर बाजार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिर संयुक्त रूप से दर्जनों स्थानों पर छापा मारा गया।
गाजियाबाद एसओजी टीम मेरठ में ही डेरा डाले हुए है। सदर बाजार थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गाजियाबाद में वाहन चोरी के मामले में एसओजी टीम ने सोतीगंज में दबिश दी थी। आरोपित फैजान हाथ नहीं आया। टीम वापस चली गई।
पूरे देश से कटान को आते थे चोरी के वाहन
मेरठ के सोतीगंज बाजार में पूरे देश से चोरी के वाहन आते थे और कटते थे। यहां मिनटों में दुकानों और गोदामों में चोरी के वाहनों का कटान हो जाता था। साल 2021 में तत्कालीन भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने यह मामला संसद में उठाया और मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के सामने रखा। इसके बाद तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कार्रवाई की थी।
37 कबाड़ियों पर हुई थी गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
तत्कालीन एसएसपी ने वाहन कटान करने वाले 37 कबाड़ियों पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से कमाई संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की। उक्त कबाड़ियों को जेल भेज दिया गया। सोतीगंज के कमेलों व दुकानों को बंद करने के पीछे तर्क था कि पकड़े गए कई वाहन चोरों ने यह जानकारी दी थी कि सोतीगंज बाजार की सभी दुकानों पर चोरी के वाहनों के उपकरण वे बेच चुके हैं।
यह भी पढ़ें- CCSU के दो हॉस्टल के छात्र लाठी-डंडे लेकर आ गए आमने-सामने, कमरों में घुसकर मारपीट; कैंपस में मची अफरातफरी
एसएसपी के आदेश पर सोतीगंज बाजार में वाहनों के कमेले को बंद कर दिया था। उसके बाद कबाड़ियों ने दूसरा कारोबार शुरू करने के लिए शपथ पत्र दिया था।
यह भी पढ़ें- 'बीड़ी' पर बवाल: मेरठ में अरुणाचल-सिक्किम और स्थानीय छात्रों में संघर्ष, पार्टी में चलीं बोतलें व पत्थर, छह घायल
बाइक सवार ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
मेरठ : काशीराम कालोनी में रविवार देर रात अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे कालोनी में भगदड़ मच गई। आरोपित पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। थाना पुलिस मौके पर पहुंची जांच पड़ताल की। फायरिंग करने वालों की सीसीटीवी कैमरे से पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- VIDEO: स्टेडियम में एथलीटों के बीच 'दंगल', मेरठ में महिला कोच और खिलाड़ियों के सामने चले लात-घूंसे
रविवार रात करीब 9 बजे काशीराम कालोनी में अपाचे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उन्होंने पिस्टल से एक युवक पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने भागकर जान बचाई। कालोनी में घरों के बाहर बैठे लोग जान बचाने को भागे और घरों में छिप गए।
लोगों ने घटना की जानकारी थाना लोहियानगर पुलिस को दी। एसओ सुमित तोमर मौके पर पहुंचे तथा जांच की। आसपास के सीसीटीवी कैमरे से फायरिंग करने वालों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। एसओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
