CCSU के दो हॉस्टल के छात्र लाठी-डंडे लेकर आ गए आमने-सामने, कमरों में घुसकर मारपीट; कैंपस में मची अफरातफरी
Meerut News: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के एपीजे और आर्यभट्ट छात्रावास के छात्रों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
CCSU के एपीजे और आर्यभट्ट छात्रावास के छात्रों में मारपीट।
दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, परिसर में अफरा-तफरी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के एपीजे और आर्यभट्ट छात्रावास के छात्रों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले, जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई।
विवाद बढ़ने पर कुछ छात्र एक-दूसरे के छात्रावास के कमरों में घुसकर मारपीट करने लगे। बाद में दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर छात्रावास के बाहर आमने-सामने आ गए।
बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार देर रात छात्र शोर मचाते हुए बाहर निकले। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई। कुछ छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।
सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को छात्रावास के भीतर भेजा। टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। देर रात तक परिसर में तनाव बना हुआ था। मेडिकल थानाध्यक्ष हरिओम सिंह ने बातचीत में इस मामले में जानकारी होने से ही इन्कार कर दिया।
यह भी पढ़ें- 'बीड़ी' पर बवाल: मेरठ में अरुणाचल-सिक्किम और स्थानीय छात्रों में संघर्ष, पार्टी में चलीं बोतलें व पत्थर, छह घायल
मुठभेड़ में शातिर गिरफ्तार, तमंचा बरामद
मेरठ : थाना मवाना पुलिस की मवाना खुर्द अंडरपास के निकट चेकिंग के दौरान बाइक सवार अजीत उर्फ नीशू पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम अहरौड़ा, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- VIDEO: स्टेडियम में एथलीटों के बीच 'दंगल', मेरठ में महिला कोच और खिलाड़ियों के सामने चले लात-घूंसे
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान बाइक सवार को रुकने का इशारा किया लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। उसके पास से .315 बोर का एक तमंचा व एक जीवित कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने अजीत को सीएचसी मवाना में भर्ती कराया है।
