'बीड़ी' पर बवाल: मेरठ में अरुणाचल-सिक्किम और स्थानीय छात्रों में संघर्ष, पार्टी में चलीं बोतलें व पत्थर, छह घायल
Meerut News: मेरठ में सिगरेट-बीड़ी जलाने के विवाद में स्थानीय और अरुणाचल-सिक्किम के छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें छह छात्र घायल हो गए।

छात्रों से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी।
HighLights
सुशांत सिटी में अरुणाचल-सिक्किम और स्थानीय छात्र अलग-अलग पार्टी कर रहे थे।
अरुणाचल के छात्रों ने लगाया छात्राओं को दुष्कर्म की धमकी देने का आरोप।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पार्टी के दौरान सिगरेट और बीड़ी जलाने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि स्थानीय छात्रों और अरुणाचल-सिक्किम के छात्रों के बीच सुशांत सिटी कालोनी में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर बीयर की बोतलों और ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसमें छह छात्र घायल हो गए।
आरोप है कि रविवार को स्थानीय युवकों ने बाजार जा रहीं अरुणाचल की छात्राओं को रोककर दुष्कर्म करने की धमकी भी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने घायल छात्रों का मेडिकल कराया और मुकदमा दर्ज कर लिया। कालोनी में पुलिस पिकेट तैनात कर दी है। अरुणाचल प्रदेश के पूर्व डीजीपी रोबिन हिबू ने डीजीपी यूपी राजीव कृष्ण और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से इस मामले को लेकर बातचीत की।
अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के करीब 80 छात्र-छात्राएं मेरठ-रुड़की हाईवे स्थित सुशांत सिटी कालोनी सेक्टर तीन और गाडविन कालोनी में रहते हैं। सुशांत सिटी कालोनी के एफ ब्लाक में मुजफ्फरनगर के शादाशा, बागपत के उबैश और हस्तिनापुर के गौरव किराये पर रहते हैं। दोनों पक्षों के छात्र सुभारती यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं।
शनिवार रात 12:30 बजे सेक्टर तीन के एफ ब्लाक में अरुणाचल-सिक्किम और स्थानीय छात्र अलग-अलग पार्टी कर रहे थे। गौरव ने सिक्किम के संजू तबंग से सिगरेट मांगी। उसने सिगरेट होने से इन्कार करते हुए बीड़ी दे दी। इसके बाद संजू तबंग को बीड़ी लाइटर से जलाने को कहा लेकिन उसने इन्कार कर दिया। इसी को लेकर मारपीट शुरू हो गई।
दोनों तरफ से एक दूसरे पर बीयर व शराब की बोतलें फेंकी गईं। पथराव भी किया गया। हमले में सिक्किम के संजू तबंग, अरुणाचल के सितम ताके और युकुम ताके व स्थानीय छात्र गौरव, शादाश और उवेश घायल हो गए।
रविवार को दिल्ली से अरुणाचल और सिक्किम यूनियन के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मनीले तालो के नेतृत्व में मेरठ पहुंचा और एसएसपी से मिला। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
