Lok Sabha Election: 'राम' के लिए 'सीता' और 'लक्ष्मण' आएंगे मेरठ, तीन बजे से शुरू होगा रामायण के कलाकारों का रोड शाे
दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी करेंगे रोड शो। शहर में दोपहर तीन से शाम छह बजे तक रहेगा कार्यक्रम। रामायण के किरदार के बाद अरुण गोविल दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी की लोकप्रियता बढ़ी थी। भाजपा ने मेरठ लोकसभा सीट से अरुण गोविल को चुनाव मैदान में उतारा है। तभी से बॉलीवुड कलाकारों द्वारा उन्हें शुभकानाएं दी जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल के लिए सोमवार को प्रचार करने दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी आएंगे। रामायण में श्रीराम की भूमिका निभाकर लोकप्रिय हुए अरुण गोविल के लिए चुनाव प्रचार करने उसी रामायण की सीता यानी दीपिका चिखलिया और इसी धारावाहिक में लक्ष्मण की भूमिका निभाकर दिलों में राज कर चुके सुनील लहरी रोड शो करेंगे। शहर के विभिन्न स्थानों पर दोपहर तीन से शाम छह बजे तक रोड शो चलेगा।
अरुण गोविल को भाजपा ने मेरठ-हापुड़ सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। तभी से सिने जगत व अन्य क्षेत्रों से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। कई स्टार उनके लिए वीडियो जारी कर रहे हैं। भाजपा संगठन की ओर से दोनों स्टारों के रोड शो की तैयारी की जा रही है।
उधर उनके लिए कैलाश खेर, सोनू निगम समेत अन्य गायकों ने भी वीडियो जारी किया है। अनु मलिक समेत कई गायकों व स्टारों ने शुभकामना भेजी है।
भाजपा प्रत्याशी ने की पत्रकार वार्ता
मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल ने शनिवार को सूरजकुंड रोड पर स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि मेरठ का विकास उनका लक्ष्य है। यहां पर 10 सालों में बहुत कुछ बदलाव हुआ है। विकास तेजी से हुआ है, इस गति को वह आगे बढ़ाएंगे।
ये हैं प्राथमिकताएं
अरुण गोविल ने कहा कि जाम की समस्या का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है, इसके लिए रिंग रोड भी बनवाएंगे। मेरठ महानगर बन चुका है, यहां से हवाई यात्रा की सुविधा होनी चाहिए जिसके लिए पूरा प्रयास करेंगे। लोगों के बीच पहुंचने के प्रश्न पर कहा कि उन्हें कहां जाना है उनके कार्यक्रम संगठन की ओर से तय होते हैं। वह स्वयं लोगों से मिलना चाहते हैं, लेकिन समय कम है इसलिए रोड शो कर रहे हैं। इस बीच भी लोगों से भावनाओं के माध्यम से जुड़ते हैं। वह स्वयं लोगों को पुष्प व माला समर्पित करते हैं। चुनाव बाद लोगों के बीच पहुंचेंगे। घरों में पहुंचेंगे। सभी के साथ फोटो खिंचवाएंगे।
मेरठ की सीट भी...
चुनाव को लेकर कहा कि मेरठ की सीट भी 400 पार में शामिल है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी ने कहा कि यह चुनाव भ्रष्टाचार बनाम विकास का है। सपा, कांग्रेस व बसपा को देखा होगा इन सबके समय भ्रष्टाचार हुआ है। परिवारवादी पार्टी बन गई है। भाजपा ने 10 साल बेहतर कार्य किए हैं और आने वाले पांच साल भी ऐतिहासिक होेंगे। गोविल ईमानदार और कर्मठ हैं। इन्हें नाम नहीं कमाना है बल्कि काम करना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।