यमुना एक्सप्रेस-वे पर रातभर शव को रौंदती रहीं गाड़ियां, खुरचकर उठाए अवशेष; लाश का हाल देखकर कांप गए पुलिसवाले
Accident At Yamuna Expressway Accident यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सुरीर के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला। कोहरे के कारण रातभर वाहन शव को रौंदते रहे जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने शव को खुरचकर उठाया है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में सूचित किया है।

संवाद सूत्र, जागरण, सुरीर (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह नौ बजे सुरीर के समीप अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। कोहरा होने के चलते चार घंटे तक वाहन शव को रौंदते रहे। इससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शव की हालत देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
शरीर के अवशेष इस कदर सड़क से चिपक गए थे कि पुलिस भी सहम गए। पुलिसकर्मियों ने अवशेषों को खुरचकर उठाना पड़ा। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस किसी मजदूर का शव होने की आशंका जता रही है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुरीर क्षेत्र में नोएडा से आगरा की ओर माइल स्टोन 79 के समीप शनिवार सुबह अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला।
कोहरे में सड़क पर नहीं दिखा शव, रौंदते रहे वाहन
कोहरे में वाहन चालकों को सड़क पर शव दिखाई नहीं दिया। इससे उसके ऊपर वाहन दौड़ते रहे। इसकी वजह से शव सड़क पर चिपक गया। शव के समीप प्लास्टिक के जूता मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के अवशेषों को सड़क से खुरचकर उठाया।
शव की पहचान के किए प्रयास, नहीं हो सकी शिनाख्त
शव को देखने से प्रतीत हो रहा है कि सुबह पांच बजे कोई मजदूर एक्सप्रेस−वे पार करके दूसरी तरफ जा रहा होगा। कोहरे के कारण अज्ञात वाहन ने उनको कुचल दिया। इससे मजदूर की मृत्यु हो गई। पुलिस ने आसपास पूछताछ की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव के अवशेषों को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
शव चार घंटे पुराना हो सकता है, पुलिस का मानना
एसआइ विनोद कुमार ने बताया, शव चार घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि सुबह पांच बजे हादसा हुआ है। नौ बजे कोहरा कम होने के बाद सड़क पर क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया।
50 ईंट-भट्ठा संचालकों को भिजवाई सूचना
पुलिस का मानना है कि शव देखने से किसी मजदूर का प्रतीत हो रहा है। पहचान के लिए पुलिस ने सुरीर क्षेत्र के 50 ईंट-भट्ठा संचालकों को हादसे की सूचना दी है, ताकि वह भट्ठों से पता कर सके कि कौन मजदूर लापता हुआ है। इसके बाद शव की पहचान की जा सके। बताते चलें कि यमुना एक्सप्रेस-वे के समीप बड़ी संख्या में मजदूर रहते हैं, जो ईंट-भट्ठों में काम करते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।