Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शाही मस्जिद ईदगाह में जलाभिषेक की घोषणा के बाद पुलिस अलर्ट, छावनी में तब्दील हुई मथुरा; PAC की तैनाती

    Updated: Thu, 05 Dec 2024 08:22 PM (IST)

    शाही मस्जिद ईदगाह को लेकर हिंदू संगठनों की घोषणा के बाद मथुरा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूरे शहर को दो सुपर जोन चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा गया है। रेलवे स्टेशन से लेकर होटलों तक पर पुलिस की नजर रहेगी। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भी लगातार गश्त होगी। इसके साथ ही मथुरा में दो कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है।

    Hero Image
    शाही मस्जिद ईदगाह के बाहर तैनात पुलिस फोर्स

    जागरण संवाददाता, मथुरा। छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह को भगवान कृष्ण का मूलगर्भगृह बता जलाभिषेक करने की हिंदू संगठनों की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। घोषणा करने के बाद कोई संगठन सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।  पूरे जोन से पुलिस बल मंगाया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर को दो सुपर जोन, चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा गया है। रेलवे स्टेशन से लेकर होटलों पर भी पुलिस नजर रखेगी। मिश्रित आबादी वाले मुहल्लों में भी लगातार पुलिस की गश्त होगी।

    पुलिस प्रशासन अलर्ट

    हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कुछ हिंदू संगठनों ने शाही मस्जिद ईदगाह को भगवान श्रीकृष्ण का मूल गर्भगृह बताते हुए छह दिसंबर को जलाभिषेक करने की घोषणा की थी। इससे पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। करीब एक सप्ताह पहले डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने धर्मगुरु और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की थी। इससे कई संगठनों ने अपना निर्णय बदल दिया।

    गुरुवार को अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है। इसमें महासभा की आगरा इकाई महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि वह शुक्रवार को शाही मस्जिद ईदगाह जाकर जलाभिषेक करेंगी। पुलिस ने व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही मस्जिद ईदगाह के आसपास के साथ ही शहरी क्षेत्र को दो सुपर जोन, चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा है।  पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इनकी जिम्मेदारी प्रभारियों को दी गई है।

    पीएसी लगातार कर रही गश्त

    मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस व पीएसी लगातार गश्त करेगी। खुफिया तंत्र भी अपने स्तर से अराजकतत्वों पर नजर रखेगा।  जन्मस्थान के आसपास व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

    सीओ सिटी प्रवीण मलिक ने बताया, डीग गेट चौकी, शाही ईदगाह के सामने व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के जवान छतों से निगरानी कर रहे हैं। गुरुवार दोपहर से ही ड्रोन से निगरानी शुरू हो गई। जन्मस्थान में किसी को भी सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

    जोन-सेक्टर में यह रहेंगे प्रभारी

    सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो एएसपी सुपर जोन प्रभारी, सीओ जोन प्रभारी, इंस्पेक्टर को सेक्टर प्रभारी बनाया जा रहा है। इसके अलावा पीएसी, पुलिस बल के साथ सीओ, एसपी स्तर के अधिकारी लगातार गश्त पर रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था को जायजा लेते रहेंगे।

    ट्रेनों के साथ यात्रियों व श्रद्धालुओं के सामान की चेकिंग

    रेलवे स्टेशन के साथ बस स्टैंड पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी बनाए हैं। आरपीएफ और जीआरपी के जवान प्रत्येक प्लेटफार्म पर संदिग्ध लोगों पर नजर रखे हैं। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों व श्रद्धालुओं के सामान चेकिंग की जा रही है।

    जीआरपी प्रभारी यादराम यादव ने बताया, सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पूरे हैं। जवान द्वारा गश्त के साथ हर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हैं।

    यह रहेगा पुलिस बल

    02-एएसपी

    09-सीओ

    45-निरीक्षक

    160-उप निरीक्षक

    12-महिला उप निरीक्षक

    600-हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल

    90- महिला कांस्टेबल

    02-कंपनी पीएसी

    08-टीएसआइ

    28- ट्रैफिक हेड कांस्टेबल

    मथुरा सीओ सिटी प्रवीण मलिक ने बताया

    शहर भर में जगह-जगह पर सुरक्षा व्यवस्था के माकूल इंतजाम किए गए हैं। इसी भी अराजक तत्व ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    इसे भी पढ़ें: 'सीएम योगी कराएं अपनी DNA जांच, हम भी कराएंगे', कानपुर पहुंच क्या बोले अखिलेश यादव?