Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Mathura News: लड़का देखने जा रहे स्कूटी सवार की हादसे में मौत, वकीलों ने वीडियो बना रहे सिपाही को पीटा

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
    Updated: Thu, 27 Apr 2023 01:23 PM (IST)

    टैंक चौराहा से आगे आर्मी स्कूल के पास अनियंत्रित क्रेटा कार ने दो स्कूटी सवारों को बुधवार सुबह रौंद दिया। इसमें आगरा के स्कूटी सवार मुकेश सैनी की मृत ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    लड़का देखने जा रहे स्कूटी सवार की हादसे में मौत

    जागरण संवाददाता, मथुरा: टैंक चौराहा से आगे आर्मी स्कूल के पास अनियंत्रित क्रेटा कार ने दो स्कूटी सवारों को बुधवार सुबह रौंद दिया। इसमें आगरा के स्कूटी सवार मुकेश सैनी की मृत्यु हो गई। वे बुधवार को बड़ी बेटी अंजली की शादी के लिए मथुरा औरंगाबाद में लड़का देखने आए थे। दूसरी स्कूटी पर सवार वकील घायल हो गया। साथी वकीलों ने जाम लगाया और वीडियो बनाते सिपाही को पीट दिया।

    पुलिस ने वकीलों को कराया शांत

    एक दारोगा ने साहस दिखाते हुए बचाया। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर वकीलों को शांत किया। घटना सुबह 10.30 बजे की है। आगरा के बोदला रोड बिचपुरी नई आबादी भगवती विहार निवासी मुकेश सैनी स्कूटी से आगरा से मथुरा सदर क्षेत्र में बिचौलिया के पास जा रहे थे। मथुरा में अनियंत्रित कार ने उनकी जान ले ली।

    बड़े भाई लेखराज सिंह ने बताया, मुकेश गिलेट की पायल बनाने का काम घर में ही करते थे। आगरा से सोने की जंजीर और अंगूठी पहनकर मथुरा के लिए निकले थे। दुर्घटना के बाद उनके शरीर पर दोनों आभूषण नहीं थे। पुलिस ने उन्हें केवल उनकी जेब से मिले 7,700 रुपये दिए हैं। मुकेश अपने पीछे दो बेटी और एक बेटा छोड़ गए हैं।

    कार की टक्कर से अधिवक्ता घायल

    वहीं महाविद्या कालोनी निवासी अधिवक्ता मोहित शर्मा सुबह स्कूटी से कलक्ट्रेट जा रहे थे। कार की टक्कर से अधिवक्ता घायल हो गए। इधर, साथी अधिवक्ता गोसना निवासी मनोज सिंह ने कार का पीछा कर उसे महिला थाने के सामने रोक लिया। घटना से आक्रोशित वकीलों ने कार चालक को बाहर खींच लिया और बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी।

    कार में भी तोड़फोड़ की। कुछ देर में वकीलों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान एक सिपाही एवं एक अन्य युवक वीडियो बनाने लगे। इस पर गुस्साए अधिवक्ताओं ने उनको भी पीट दिया। सिविल लाइंस चौकी प्रभारी ने साहस दिखाते हुए इन्हें वकीलों से बचाते हुए महिला थाने में पहुंचाया। वकीलों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्ग जाम कर दिया। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह का कहना है कि कुछ अधिवक्ताओं ने आक्रोश में आकर कार चालक की पिटाई कर दी।