Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Krishna Janmashtami: भगवान श्रीकृष्ण का 5252वां जन्मोत्सव, ऑपरेशन सिंदूर की दिखेगी झलक, दर्शन को आ सकते हैं सीएम

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 07:48 AM (IST)

    Krishna Janmashtami 2025 भगवान श्रीकृष्ण के 5252वें जन्मोत्सव की धूम है। ब्रजवासी उल्लास में डूबे हैं मंदिरों को सजाया जा रहा है। इस बार आपरेशन सिंदूर खास होगा जिसमें सिंदूरी रंग के फूलों से ठाकुरजी सजेंगे। 16 अगस्त को कान्हा जन्म लेंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और वृंदावन के कुछ मंदिरों में दिन में जन्मोत्सव होगा।

    Hero Image
    Krishna Janmashtami 2025: प्रस्तुतीकरण के लिए फाइल फोटो का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। ब्रज का कण-कण उल्लास में डूबा है। हर ब्रजवासी का चेहरा दमक रहा है। घर से लेकर सड़क तक रंगाई-पुताई हो रही है। सजावट तो ऐसी कि मन मोह ले। ब्रज का वातावरण ऐसा कि मानों खुशियों के द्वार खुल गए हैं, खुले भी क्यों न उनके तारणहार जो आ रहे हैं। हर ब्रजवासी के लाला भगवान श्रीकृष्ण के 5252 वें जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    16 अगस्त की रात 12 बजे अपने जन्मस्थान पर लाला फिर जन्मेंंगे और ब्रज का कण-कण जयघोष करेगा। इस बार कान्हा का जन्मदिन दिव्य और भव्य बनाने की तैयारी है। जन्मोत्सव में सेना का रंग भी दिखेगा। ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर इस बार सिंदूरी रंग से सजे पुष्प बंगला में ठाकुर जी जन्मस्थान पर विराजमान होकर दर्शन देंगे।

    भगवान श्रीकृष्ण का 5252वां जन्मोत्सव मनाने को उल्लास में डूबे ब्रजवासी

    नटवर नागर के जन्मोत्सव इस बार और दिव्य होगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का अवकाश है। 16 अगस्त को जन्माष्टमी है और 17 को रविवार। तीन दिन लगातार अवकाश के कारण इस बार ब्रज में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी नगरी को तैयार किया जा रहा है। न केवल मथुरा, बल्कि वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन, गोकुल में भी जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हैं।

    घाटों पर होगा दीपदान, रजत मंडित गर्भगृह में विराजेंगे लाला

    श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा बताते हैं कि जन्मस्थान पर जन्मोत्सव के दिन ठाकुरजी मेघधनु (इंद्रधनुषी रंग की) पोशाक धारण करेंगे। इसमें नाम के अनुरूप इंद्रधनुष के सात रंगों का प्रयोग रेशम, जरी, रत्नों के रूप में किया गया है। कंस की कारा (गर्भगृह) को 221 किलो चांदी की परत से सजाया जाएगा। गर्भ गृह में पुष्प बंगला बनेगा। मां योगमाया मंदिर में सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र, पादुकाएं लगभग 51 किलोग्राम चांदी से तैयार कराई गई हैं।

    भगवान श्रीकृष्ण सिंदूर पुष्प बंगला में विराजमान होंगे। इस बार जन्मोत्सव पर आपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई देगी। कान्हा के स्वागत के लिए पूरी नगरी को सजाया जा रहा है। पूरे शहर में चौराहों और तिराहों पर रंग-बिरंगी रोशनी की झालर लगाई गई हैं। पूरा शहर दुल्हन की तरह सज रहा है।

    कान्हा के दर्शन को आ सकते हैं सीएम योगी

    श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लाला के दर्शन को इस बार भी सीएम योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। पिछले तीन वर्षों से वह लगातार जन्माष्टमी पर दर्शन को जन्मस्थान पहुंचते हैं। अभी उनका आने का कार्यक्रम नहीं आया है, उनके यहां पहुंचने की पूरी संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

    8 जोन, 37 सेक्टर में बांटी सुरक्षा व्यवस्था

    श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए पुलिस ने आठ जोन और 37 सेक्टरों में सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मुख्य आयोजन श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश और वृंदावन में होंगे। इसके लिए इन तीनों स्थलों पर अलग-अलग सुरक्षा का प्लान बनाया गया है। इसमें श्रीकृष्ण जन्मस्थान से जुड़े क्षेत्र को तीन जोन और 17 सेक्टरों में बांटा गया है। द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र को एक जोन और दो सेक्टर तथा वृंदावन को चार जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है।

    यहां दिन में मनेगा जन्मोत्सव

    बाकी सभी मंदिरों में रात 12 बजे कन्हैया का जन्मोत्सव मनेगा। लेकिन वृंदावन के राधारमण मंदिर, राधा दामोदर मंदिर, शाह जी मंदिर में दिन में जन्मोत्सव मनाया जाता है।

    ठाकुर बांकेबिहारी की मंगला आरती में 500 ही रहेंगे श्रद्धालु

    ठाकुर बांकेबिहारी की मंगला आरती वर्ष में एक दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ही होती है। रात दो बजे होने वाली मंगला आरती में भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। कोर्ट के आदेश पर इस बार 500 दर्शनार्थी शामिल होंगे।

    एक हजार लोक कलाकार करेंगे लीला

    उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद लोक कलाकारों द्वारा कृष्ण की लीलाओं का मंचन कराएगा। मथुरा, वृंदावन, गोकुल,नंदगांव में 26 छोटे बड़े मंच बनाए जाएंगे। इसमें देश भर के करीब एक हजार लोक कलाकार कृष्ण की लीलाओं का मंचन करेंगे।

    यहां इस दिन जन्मेंगे कन्हाई

    • 16 अगस्त-श्रीकृष्ण जन्मस्थान व अन्य प्रमुख मंदिरों में कन्हाई का जन्मोत्सव होगा।
    • 15 अगस्त -प्राचीन केशवदेव मंदिर में जन्मोत्सव मनेगा। यहां अष्टमी के प्रारंभ में उत्सव मनता है।
    • 17 अगस्त-नंदगांव में कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। यहां पर रक्षाबंधन के आठवें दिन उत्सव मनता है।
    • 17 अगस्त-नंदोत्सव का आयोजन होगा।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसकी व्यापक व्यवस्था की गई है। नगर निगम द्वारा पूरे शहर को सजाया जा रहा है। सीपी सिंह, डीएम

    श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा को तैनात रहेंगे। मथुरा जिले के अलावा मंडल से भी पुलिस बल मंगाया गया है। श्लोक कुमार, एसएसपी