विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Holi In Mathura: बांकेबिहारी ने सफेद पोशाक में द‍िए दर्शन तो शुरु हुआ होली का जश्‍न, रंग से सराबोर हुए भक्‍त

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Fri, 03 Mar 2023 11:19 AM (IST)

पूरा देश होली के रंगों में डूबने के ल‍िए बेताब है लेक‍िन वृंदावन में आज बांकेबिहारी के आंगन में जैसे ...और पढ़ें

Holi In Mathura बांकेबिहारी मंद‍िर में होली खेलते भक्‍त
Holi In Mathura बांकेबिहारी मंद‍िर में होली खेलते भक्‍त

वृंदावन, संवाद सहयोगी। रंगभरनी एकादशी पर शुक्रवार को जब आराध्य बांकेबिहारी के पट खुले तो भक्तों की भीड़ से खचाखच भरे परिसर में मौजूद भक्तों में उल्लास छा गया। अराध्य के आंगन में जब टेसू का चटक रंग उड़ेलना शुरू हुआ तो रंग की एक एक बूंद में सराबोर होने को भक्तों में होड़ मच गईं। बरसते रंगों के बीच होली के रसिया गाते हुए भक्तों ने जमकर धूम मचाई।

स्वेत धवल पोशाक और कमर में रंगों का फेंटा बांध बांकेबिहारी ने द‍िए दर्शन

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार को रंगभरनी एकादशी पर रंगीली होली की शुरुआत हुई। मंदिर के जगमोहन में चांदी के सिंहासन पर स्वेत धवल पोशाक और कमर में रंगों का फेंटा बांध जब ठाकुर बांकेबिहारी ने दर्शन दिए तो जयकारे से मंदिर गूंज उठा। सेवायतो ने आराध्य के केसर कीच, चंदन चोबा और अरगजा लगाकर होली की शुरुआत की। सुबह ठाकुरजी का प्रसादी गुलाल उड़ा तो भक्तों के उल्लास का ठिकाना न था। मंदिर में बैरिकेडिंग से गुजरते हुए श्रद्धालुओं ने आराध्य के दर्शन किए और शुरू कर दी पंचकोसीय परिक्रमा।

कतारबद्ध तरीके से मिली एंट्री

रंगभरनी एकादशी पर शुक्रवार को बांकेबिहारी मंदिर में शुरू हुई होली का आनंद लेने आए लाखों भक्तों को कतारबद्ध तरीके से प्रशासन ने एंट्री दिलाई। लंबी कतार में होते हुए मंदिर तक श्रद्धालु पहुंचे रहे हैं।

अधिकारियों ने लिया जायजा

बांकेबिहारी मंदिर में होली की शुरुआत पर आ रहे भक्तों की सुरक्षा, सहूलियत के इंतजामों का जायजा लेने सुबह आइजी नचिकेता झा, डीएम पुलकित खरे, एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने मंदिर परिसर एवं बाहरी इलाके के साथ परिक्रमा मार्ग में जायजा लिया।