बेकाबू कार पेड़ से टकराई, तीन महिलाओं की मौत
शुक्रवार सुबह करहल क्षेत्र में रफ्तार से दौड़ती कार बेकाबू होकर स
संसू, करहल(मैनपुरी): शुक्रवार सुबह करहल क्षेत्र में रफ्तार से दौड़ती कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मृत महिलाएं फीरोजाबाद जिले की निवासी हैं।
फीरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र अंतर्गत गांव बड़ौला निवासी बिल्ले, रामपाल, मुन्नी देवी पत्नी नरसिंह, केशकली पत्नी रामेश्वर, कृपाल देवी पत्नी रतन सिंह और विमला देवी पत्नी बिल्ले शुक्रवार को किसी काम से करहल आए थे। शनिवार सुबह सभी लोग स्विफ्ट कार में सवार होकर अपने गांव बड़ौला जा रहे थे। करहल-सिरसागंज मार्ग स्थित गांव सैय्यदपुर के पास रफ्तार से दौड़ती कार बेकाबू हो गई। चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। नतीजतन कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास गांव के लोग और इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और आनन-फानन में सैफई अस्पताल भेजा गया। यहां घायल मुन्नी देवी, केशकली और कृपाल देवी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के स्वजन और गांव के लोग सैफई पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। पिता-पुत्री को मारपीट कर किया घायल : गांव तिसौली निवासी नदीम का गुरुवार को अपने भाई बाबू खां के साथ कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान बाबू खां ने नदीम को मारपीट कर घायल कर दिया। बचाने आई नदीम की पुत्री खुशबू को भी मारापीटा था। शनिवार को नदीम ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
खेत पर गए किसान का शव मिला:
बिछवा क्षेत्र के गांव बीलों निवासी किसान मुंशीलाल शुक्रवार शाम खेत में खड़ी मूंगफली की फसल की सिचाई करने गए थे। देर रात तक नहीं लौटे तो स्वजन को चिता हुई। खेत पर जाकर देखा तो उनका शव पड़ा हुआ था। स्वजन घटना को हार्टअटैक से मौत बता रहे है। पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थानाध्यक्ष ने की प्रत्याशियों के साथ बैठक : शनिवार को एसओ एलाऊ सुरेश चंद्र शर्मा ने क्षेत्र के प्रत्याशियों के साथ थाना परिसर में बैठक कर जरुरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद कोई प्रत्याशी न तो विजय जुलूस निकालेगा न ही नारेबाजी करेगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी को कोरोना के नियमों का पालन करना होगा।
सीओ भोगांव ने किया बैंकों का निरीक्षण: कुसमरा सीओ भोगांव अमर बहादुर ने शनिवार को कस्बा की बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा में मौजूद लोगों द्वारा कोरोना नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा था। इसे लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। सभी को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। इस दौरान बैंक के बाहर मौजूद लोगों से पूछताछ की। बाजार का भ्रमण कर बिना मास्क लगाए घूमने वालों के चालान काटे गए।