'सपा का गढ़ ढहेगा, भगवा लहराएगा'; मैनपुरी से डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे जयवीर सिंह का Exclusive Interview
सपा का गढ़ कही जाने वाली मैनपुरी लोकसभा सीट से डिंपल यादव को चुनौती देने भाजपा के कद्दावर नेता जयवीर सिंह चुनावी मैदान में हैं। वह मैनपुरी सदर विधानसभ ...और पढ़ें

Mainpuri Lok Sabha Election 2024: मैनपुरी सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री। सपा का गढ़ कहे जाने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में डिंपल यादव को चुनौती देने मैदान में हैं। वह वर्ष 2002 और 2007 में बसपा के टिकट पर जिले में तत्कालीन घिरोर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं।
कहते हैं, उनका चुनाव जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। डिंपल यादव की डेढ़ साल की निष्क्रियता से जनता नाराज है। दावा करते हैं, इस बार सपा का गढ़ ढहेगा, कमल खिलेगा और भगवा लहराएगा। सिरसागंज स्थित आवास पर दैनिक जागरण के उप मुख्य संवाददाता दिलीप शर्मा ने विशेष वार्ता की...
मैनपुरी लोकसभा सीट को सपा का गढ़ माना जाता है। यहां कितनी बड़ी चुनौती है?
जब-जब ऐसे मजबूत गढ़ ढहाने की बात आती है तो जयवीर सिंह को मौका मिलता है। डिंपल जी के साथ प्राय: यह रहा है कि एक चुनाव जीतने के बाद दूसरा चुनाव कभी जीती नहीं हैं। सपा को लेकर, खासकर प्रत्याशी को लेकर नाराजगी है। इसके चलते ही नारा दिया है कि अभी नहीं तो कभी नहीं। अबकी बार कमल खिलेगा और भगवा लहराएगा। मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर तरक्की कर रहा है।
आप स्थानीय विधायक और मंत्री भी हैं। विरोधी कह रहे हैं कि जनता और पार्टी नेताओं की आपसी नाराजगी है?
विधानसभा क्षेत्र में बहुत काम हुआ है। 170 करोड़ रुपये के काम तो अकेले हमारे विभाग के द्वारा कराए गए हैं। जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, हमारी निधि, पीडब्ल्यूडी के जितने काम डेढ़ साल में हुए हैं, सब सामने हैं। अब तक के सारे रिकार्ड ध्वस्त हो चुके हैं। हर क्षेत्र में विकास का एक नया कीर्तिमान बना है। आने वाले वर्षों में देश अन्य क्षेत्रों में भी तरक्की करेगा।
आप किन मुद्दों पर जनता से वोट मांग रहे हैं?
हमारा देश आज आर्थिक ताकत बन रहा है। ग्लोबल लीडर बनने की ओर अग्रसर है। मोदीजी की सरकार तीसरी बार रिपीट हो रही है। मैनपुरी देश की इस विकास यात्रा में शामिल क्यों न हो। दूसरी ओर योगीजी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अपनी विकास यात्रा पर है। हम मैनपुरी को ग्रोथ इंजन बनाएंगे। मैनपुरी का विकास कराएंगे। सारे लोग का आह्वान करेंगे कि विकसित मैनपुरी बनाने को अपनी भागीदारी करें।
आइएनडीआइ गठबंधन के नेता ईडी-सीबीआइ को भाजपा का हथियार बता रहे हैं। इस पर क्या कहना है?
ईडी-सीबीआइ संवैधानिक संस्थाएं हैं। प्रामाणिक साक्ष्यों के आधार पर ईडी ने कार्रवाई की हैं। न्यायालय थोड़े ही भाजपा के इशारे पर चलता है। ये लोग सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए यह सब कर रहे हैं। केजरीवाल अब जेल में चले गए तो उसको भी भुनाना चाहते हैं। सभी एजेंसी स्वतंत्र हैं।
इस बार भाजपा यादव मतों में भी सेंध की कोशिश कर रही है। कितनी कामयाबी की उम्मीद है?
हमसे 30-30 साल पुराने उनके कार्यकर्ता जुड़ रहे हैं। ये मोदी-योगीजी की नीतियों से प्रभावित होकर आ रहे हैं। हमें लगता है कि किसी के साथ अन्याय हुआ है तो न्याय दिलाने का प्रयास करते हैं। जयवीर सिंह पर उनको भरोसा है। सपा का जो पूरा फ्लो चला आ रहा है, ऐसा लग रहा कि हम गेट खोल दें तो सपा तो विलीन हो जाएगी।
भाजपा ने इस बार शाक्य प्रत्याशी न उतारने से समाज में नाराजगी की बात उठ रही है। इसके लिए क्या कर रहे हैं?
जिले में कुरावली में बौद्ध विहार को विकसित किया। बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा के लिए 25 हेक्टेयर जमीन मैनपुरी जिले में काली नदी के किनारे अधिग्रहीत करने की तैयारी चल रही है। 200 करोड़ रुपये से इंटरनेशनल बौद्ध टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर बनाने जा रहे हैं। अगर राजनीतिक बात करें तो हरियाणा के मुख्यमंत्री, बिहार के डिप्टी सीएम, हमारे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इसी समाज से हैं। प्रेम सिंह शाक्य मैनपुरी में चुनाव लड़ चुके हैं। रघुराज सिंह शाक्य उपचुनाव लड़े थे। गीता शाक्य राज्य सभा सदस्य हैं। मैं समझता हूं शाक्यों का अपार सम्मान पार्टी में है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।