Lok Sabha Election 2024: सपा के गढ़ में प्रत्याशी पर मंथन, क्षत्रिय और पिछड़े के फेर में फंसी भाजपा
लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों को जीतने का दावा कर रही भाजपा सपा के गढ़ों में अपना लड़ाका तय करने में उलझ रही है। सपा दोनों सीटों पर सैफई परिवार के चेहरों को उतारकर प्रचार में जुट चुकी है। फिरोजाबाद सीट पर तो बसपा ने भी पत्ते खोल दिए हैं। भाजपा में एक सीट पर क्षत्रिय और दूसरे पर पिछड़ा वर्ग का प्रत्याशी उतार सकती है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों को जीतने का दावा कर रही भाजपा, सपा के गढ़ों में अपना लड़ाका तय करने में उलझ रही है। मैनपुरी और फिरोजाबाद सीट पर प्रत्याशी तय नहीं हो सके हैं।
सपा दोनों सीटों पर सैफई परिवार के चेहरों को उतारकर प्रचार में जुट चुकी है। फिरोजाबाद सीट पर तो बसपा ने भी पत्ते खोल दिए हैं। भाजपा में एक सीट पर क्षत्रिय और दूसरे पर पिछड़ा वर्ग का प्रत्याशी उतार सकती है। यह तय नहीं हो पा रहा कि किस सीट पर किसको वरीयता दी जाए।
मैनपुरी और फिरोजाबाद सपा का मजबूत गढ़
मैनपुरी और फिरोजाबाद, दोनों लोकसभा सीटों को सपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। मैनपुरी में तो सपा 1996 के बाद से लगातार जीत रही है। सपा ने मैनपुरी सीट पर पार्टी मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और फिरोजाबाद से प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव को प्रत्याशी बनाया है। फिरोजाबाद सीट पर बसपा ने सतेंद्र जैन सौली को प्रत्याशी घोषित किया है। मैनपुरी सीट पर भी बसपा शाक्य चेहरे पर दांव खेलने जा रही है।
शाक्य और क्षत्रिय चेहरे पर जोर
मैनपुरी में भाजपा बीते कई चुनावों से शाक्य प्रत्याशी को मैदान में उतारती रही है। फिरोजाबाद में बीते चुनाव में क्षत्रिय प्रत्याशी के तौर पर चंद्रसेन जादौन को लड़ाया गया था। इस बार फिरोजाबाद में क्षत्रिय चेहरे के साथ यादव समाज से भी टिकट की दावेदारी हो रही है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के पुत्र अतुल प्रताप सिंह, हरिओम यादव सहित कई चेहरे दौड़ में हैं।
इन खास चेहरों पर हो रही चर्चा
मैनपुरी में भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सैफई परिवार के दामाद अनुजेश प्रतात, पूर्व प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य आदि के नाम चर्चाओं में हैं। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया का नाम भी अब दोनों सीटों के लिए चर्चाओं में आ गया है। पार्टी नेताओं के मुताबिक दोनों सीटों पर किसी एक ही जाति या वर्ग के प्रत्याशी को नहीं उतारा जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।