सुशीला कार्की के अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से शांति की राह पर नेपाल, लोगों ने मनाई खुशी
महराजगंज से खबर है कि नेपाल में सुशीला कार्की ने पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है जिससे देश में खुशी की लहर है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पढ़ीं सुशीला कार्की के शपथ ग्रहण को युवाओं की जीत माना जा रहा है। अंतरिम सरकार का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव कराना है। नागरिकों और संगठनों ने इस बदलाव का स्वागत किया है।

जागरण संवाददाता (सोनौली) महराजगंज। पांच दिनों से जारी हिंसा व अस्थिरता के माहौल के बाद शुक्रवार की रात अंतरिम सरकार का गठन हो गया। भारत के बनारस स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पढ़ी सुशीला कार्की के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही नेपाल में नए अध्याय की शुरुआत हुई। सुशीला कार्की के शपथ लेते ही पहाड़ से लेकर तराई तक खुशी का माहौल है।
लोगों ने पटाखा फोड़कर खुशी का इजहार किया। लोगों को उम्मीद है कि अनिश्चितता के भवर में फंसे नेपाल में अब शांति आएगी। आंदोलन के ऐतिहासिक मोड़ पर आज बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिला।
देश की पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की ने शुक्रवार की देर शाम नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। यह सत्ता परिवर्तन न सिर्फ नेपाल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय है, बल्कि युवाओं द्वारा नेतृत्व में लाई गई क्रांति की बड़ी जीत मानी जा रही है।
सुशीला कार्की के नेतृत्व में गठित अंतरिम सरकार का मुख्य उद्देश्य आगामी आम चुनाव कराना बताया जा रहा है। आंदोलन के समर्थन में रहे कई नागरिकों और संगठनों ने इस बदलाव का स्वागत किया है।
नेपाल में इस सत्ता परिवर्तन को युवाओं द्वारा लाई गई सामाजिक और राजनीतिक चेतना का परिणाम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अंतरिम सरकार की कार्यशैली पर पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी रहेंगी।
यह हिंदू राष्ट्र और युवाओं की जीत है। बदलाव की यह लहर देश को नई दिशा देगी। हम सबको गर्व है कि नेपाल की पहली बार महिला प्रधानमंत्री ने शपथ लिया है।
-ऋषि जायसवाल, सचिव, तिलोत्तमा नगर पालिका उपभोक्ता मंच
अंतरिम सरकार का काम सिर्फ चुनाव कराना है। आंदोलन ने यह दिखा दिया कि जनता अब पुराने भ्रष्ट नेताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। राष्ट्र विरोधी भष्टाचारियों को सजा मिलनी चाहिए।
-प्रशांत गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता
नव-नियुक्त प्रधानमंत्री को पूरा समर्थन है। देश में फैले भ्रष्टाचार, निराशा और तानाशाही प्रवृत्ति का अंत हो चुका है। युवाओं द्वारा किया गया सत्ता परिवर्तन एक नए युग की शुरुआत है।
-उज्जवल पोखरेल, अध्यक्ष, सिद्धार्थनगर नगरपालिका वार्ड नंबर 1, बेलहिया
नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में सुशीला कार्की का चयन एक सकारात्मक कदम है। नेपाल अब भ्रष्टाचार मुक्त बने और किसी भी नेपाली नागरिक को किसी तरह की परेशानी न हो।
संतोष शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता
यह भी पढ़ें- सोनौली पर अलर्ट, नेपाल को भेजे गए पेट्रोलियम और सब्जी से लदे 84 वाहन
सुशीला कार्की पूर्व न्यायाधीश है। समाजिक कार्य से जुड़ी है। सुशासन के लिए प्रतिबद्ध व्यक्ति है। सफलता के साथ वह हर काम करा सकती हैं।
ध्रुव बहादुर, प्रधान प्रतिनिधि सभा सदस्य
इस सरकार से युवाओं की ज्यादा अपेक्षाए जुड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार में नए अवसर से आसार दिख रहे है।
जितेन्द्र गुप्ता, युवा नेता
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।