Leopard Attack: किशोरी पर हमला कर 50 मीटर दूर घसीट ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों ने भगाया
निचलौल में एक तेंदुए ने बरामदे में सो रही किशोरी पर हमला कर दिया और उसे 50 मीटर तक घसीट ले गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। गंभीर रूप से घायल किशोरी को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गाँव में दहशत है और वन विभाग की टीम गश्त कर रही है।

जागरण संवाददाता, निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के मधवलिया रेंज के वनटांगिया कंपार्ट नंबर 24 में मंगलवार की रात एक तेंदुए ने बरामदे में सो रही किशोरी के ऊपर हमला कर दिया। तेंदुआ मच्छरदानी समेत किशोरी को दबोचकर करीब 50 मीटर दूर तक घसीट ले गया।
किशोरी के चिल्लाने पर जब ग्रामीण दौड़े तो तेंदुआ उसे छोड़ जंगल की तरफ भाग गया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है। गांव में वनकर्मियों की टीम तैनात कर दी गई है। पगचिन्ह के सहारे वनकर्मी तेंदुए की गतिविधि का पता लगाने में जुटे हैं।
मंगलवार की रात करीब ढाई बजे प्रियंका अपनी मां व भाई-बहनों के साथ बरामदे में सो रही थी। अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। वह किशोरी को 50 मीटर दूर तक घसीटता चला गया। इस दौरान शोर सुनकर मां और स्वजन जाग गए। मां ने मदद के लिए पुकारा तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
गांव के रमेश पासवान, रीता देवी, चंद्रशेखर, रोशनलाल साहनी, विजय साहनी, राजकुमार साहनी और राजेश ने साहस दिखाते हुए तेंदुए की तरफ दौड़ पड़े। जिसके बाद तेंदुआ किशोरी को छोड़ जंगल की तरफ भाग गया।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में एक बार फिर टूट गया महाव नाला, बढ़ा नदियों का जलस्तर
गंभीर रूप से घायल प्रियंका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक बाजार ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल और बाद में बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है। हमले के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि किशोरी का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। गांव में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई गई है। ग्रामीणों को अकेले रात में न निकलने की सलाह दी गई है। तेंदुए का पगचिन्ह देख उसकी गतिविधि का पता लगाया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।