विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Govt 2022: योगी सरकार में फिर सितारा बनकर चमके हरदोई के ब्रजेश पाठक, मिली उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी

By Anurag GuptaEdited By:
Published: Fri, 25 Mar 2022 04:57 PM (IST)Updated: Sat, 26 Mar 2022 07:06 AM (IST)

UP Yogi Adityanath Cabinet 2.0 हरदोई के मल्लावां सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर। ब्रजेश 2014 में उन्नाव लोकसभा ...और पढ़ें

Yogi Adityanath Shapath Grahan Latest News: पूर्व में कानून मंत्री तो इस बार मिली उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी।
Yogi Adityanath Shapath Grahan Latest News: पूर्व में कानून मंत्री तो इस बार मिली उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी।

हरदोई, जागरण संवाददाता। जिले के मल्लावां क्षेत्र के निवासी ब्रजेश पाठक को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ मंत्रिमंडल मेें उपमु्ख्यमंत्री बनाए जाने से पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने के बाद से ही मल्लावां सहित पूरे जनपद में मिठाई बांटने व आतिशबाजी किए जाने का क्रम शुरू हो गया।

लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्रजेश पाठक मल्लावां कस्बे के मोहल्ला गंगारामपुर के निवासी हैं। 25 जून 1964 को सुरेश पाठक के घर जन्मे बृजेश ने छात्रनेता के रूप में राजनीति की शुरुआत की। वह 1989 में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष और 1990 में अध्यक्ष बने। इसके करीब 12 साल बाद बृजेश ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

2002 में मल्लावां सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े पाठक मात्र 130 वोट से चुनाव हार गए थे। बाद में बसपा जका दामन थाम लिया और उन्नाव लोकसभा क्षेत्र से करीब 18 हजार वोट से जीत दर्ज कर सांसद चुने गए। उनको मायावती ने अपने दल का उपनेता सदन बना दिया। 2009 लोकसभा चुनाव के ठीक पहले बसपा सुप्रीमो ने उन्हें राज्यसभा भेजा और सदन में पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया। उनकी पत्नी नम्रता पाठक को राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा भी दिया गया।

2014 में ब्रजेश फिर उन्नाव लोकसभा सीट से चुनाव लड़े लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे थे। बृजेश पाठक सूबे में सत्ता परिवर्तन की हवा भांप 22 अगस्त 2016 को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा ने उन्हें लखनऊ मध्य सीट से चुनाव मैदान में उतारा। पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए ब्रजेश पाठक ने सपा सरकार के मंत्री रविदास मेहरोत्रा को पांच हजार से अधिक वोटों से मात दी। अब उन्हें सूबे की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया और कानून मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ा और उन्होंने सपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह राजू को 39512 वोटों से हरा दिया व जीत दर्ज की। अब उन्हें प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है, जिसके बाद से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।

सात संतानों में पांचवे नंबर पर हैं बृजेश : ब्रजेश पाठक अपने पिता की सात संतानों में पांचवें नंबर पर हैं। उनके दो बड़े भाई राजेश पाठक और दिनेश पाठक हैं। एमए, एलएलबी बृजेश पाठक के परिवार में पत्नी नम्रता, दो बेटियां दीपिका, सांभवी और एक बेटा कार्तिक है। परिवार लखनऊ में ही शिफ्ट है। बड़े भाई राजेश मल्लावां में रहते हैं। दूसरे भाई दिनेश लखीमपुर में स्कूल चलाते हैं।