Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    जयमाला से पहले ही बरात में पड़ गया खलल, बिन बुलाए बरातियों ने मचाया उत्पात… पहुंची नौ थानों की पुलिस, हड़कंप!

    Updated: Tue, 03 Dec 2024 02:43 AM (IST)

    लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बरात में घुसकर उत्सवपूर्ण माहौल में उत्पात मचा दिया। उन्होंने खाना खाया महिलाओं से छेड़छाड़ की मारपीट की और तोड़फोड़ की। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है।

    Hero Image
    बरात में छात्रों ने मचाया उत्पात, बम फोड़े, पुलिस से हाथापाई, पांच घायल

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने बरात में घुसकर उत्सवपूर्ण माहौल में उत्पात मचा दिया। बिन बुलाए पहुंचे छात्रों ने पहले खाना खाया और उसके बाद महिलाओं से छेड़छाड़ शुरू कर दी। परिजनों ने विरोध किया तो वे मारपीट पर उतारू हो गए। समझाने पर लौट गए और बाद में 25 से 30 साथियों के साथ फिर आ गए और जमकर उपद्रव किया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिलाओं को मारापीटा, तोड़फोड़ की, पथराव किया और दहशत फैलाने के लिए सुतली बम फोड़े। मौके पर पहुंचे आईटी चौराहे के चौकी इंचार्ज के साथ भी मारपीट की। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

    यह है पूरा मामला

    घटना सोमवार रात 11 बजे की है। कैसरबाग निवासी फल कारोबारी मनोज सोनकर के बेटे ऋषभ सोनकर की बरात रामाधीन इंटर कॉलेज आई थी। सभी बराती नाच गा रहे थे। दुल्हन कमरे में तैयार होकर स्टेज पर आने का इंतजार कर रही थी। इसी बीच समारोह में मौजूद दो युवकों से परिजनों का विवाद हो गया, जिसके बाद छात्रों ने उत्पात मचाया। 

    भाजपा नेता टिंकू सोनकर ने बताया कि हमले में विक्की सोनकर, मनोज, रिशु, विक्रम और निशांत घायल हो गए। एडीसीपी मध्य ने बताया कि अभिनव और प्रांजल दो छात्रों को हिरासत में लिया है। 

    लाखों रुपये खर्च कर विवाह की तैयारी

    परिवारीजन ने बताया कि लविवि के दो छात्र खाना खाने के लिए आए थे। उनसे विवाद हो गया था। विरोध और लोगों के एकत्रित होने पर दोनों वहां से निकल गए। कुछ देर बाद वे 25 से 30 साथियों के साथ आए और मारपीट करने लगे। महिलाओं के साथ अभद्रता की। घर के लोगों ने किसी तरह महिलाओं को बचाया।

    परिवारीजन बोले, लाखों रुपये खर्च कर विवाह की तैयारी की थी। किसी को नहीं पता था कि जयमाला पड़ने से पहले ही सब खराब हो जाएगा। टिंकू सोनकर ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने देर रात जयमाल कराने का आश्वासन दिया है। 

    नाराज छात्रों ने की नारेबाजी

    उधर, साथियों को हिरासत में लिए जाने से नाराज छात्रों ने महमूदाबाद हॉस्टल गेट बंद कर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस मुर्दाबाद का नारा लगाने लगे। उनका आरोप है कि पुलिस जबरन दो छात्रों को बैठा लिया है। 

    खबर लिखे जाने तक छात्र गेट बंद कर प्रदर्शन करते रहे। मामले को नियंत्रण में लेने के लिए नौ थानों से 50 से 60 पुलिसकर्मी पहुंचे। एडीसीपी मध्य मनीष सिंह, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल, नेहा त्रिपाठी समेत अन्य थाने के पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।