Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Weather Update: यूपी में गुलाबी ठंड की दस्तक, प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बूंदाबांदी के आसार; पढ़ें मौसम अपडेट

    Updated: Mon, 04 Nov 2024 08:47 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है जिससे ठंड और बढ़ सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर रहेगा जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

    Hero Image
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

    जागरण टीम, लखनऊ। मौसम का मिजाज धीरे-धीरे ठंड की ओर बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के तापमान में गिरावट देखी जा रही है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है।

    मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में शुष्क मौसम के कारण तापमान में हल्की गिरावट बनी रह सकती है, जिससे ठंड धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। यह मौसम किसानों और अन्य कामकाजी लोगों के लिए अनुकूल माना जा सकता है, हालांकि सुबह के समय यात्रा करने वालों को धुंध और कोहरे के कारण सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ठंड में हो सकती है बढ़ोतरी

    वहीं, चार नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड में मामूली वृद्धि का अनुमान है। अगले सात दिन में राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है। आठ नवंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह के समय कई जगहों पर हल्की धुंध और कोहरे का असर रहेगा, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

    मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम के साथ-साथ सुबह के समय कहीं-कहीं धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि चार नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी भी दी है। इन दिनों में सतही दृश्यता 50 से 500 मीटर तक गिरने की संभावना है, जिससे परिवहन और यात्रा में बाधा आ सकती है।

    उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से लुढ़का पारा, रात में पड़ने लगी हल्की सर्दी

    जागरण संवाददाता, कानपुर : नवंबर की शुरुआत के साथ ही तापमान में उतार-चढ़ाव का असर दिखने लगा है। पिछले चार दिन में न्यूनतम तापमान में 20.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 15.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जिससे रात में हल्की सर्दी पड़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    मौसम में इस तरह के बदलाव की मुख्य वजह उत्तर पश्चिमी दिशा से हवा का चलना है। लगातार इस दिशा से हवा चलते रहने से सर्दी का बढ़ना शुरू हो जाएगा।

    मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि वातावरण में नमी का अधिकतम प्रतिशत 86 और न्यूनतम प्रतिशत 51 रहा। उत्तर पश्चिमी दिशा से 1.5 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चली। आने वाले दिनों पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है जिसकी वजह से मैदानी क्षेत्रों में सर्दी का बढ़ना शुरू हो जाएगा। किसानों के लिए सलाह है कि वो गेहूं और रबी की फसलों की बोआई शुरू कर सकते हैं।

    इसे भी पढ़ें: अगले तीन साल में यूपी को ऊर्जा सेक्टर में आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी, बंजर भूमि पर पैदा होगी 2000 मेगावाट बिजली