विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP में बस सेवा से जुड़ेंगे 28 हजार गांव, महाकुंभ के लिए आई तीन हजार बसों का इन रूटों पर होगा संचालन

Published: Fri, 28 Feb 2025 07:50 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने 28 हजार गांवों को बस सेवा से जोड़ने के लिए 1540 नए रूट निर्धारित किए हैं। ...और पढ़ें

28 हजार गांवों को बस सेवा से जोड़ेगा परिवहन निगम। (तस्वीर जागरण)
28 हजार गांवों को बस सेवा से जोड़ेगा परिवहन निगम। (तस्वीर जागरण)

HighLights

  1. 28 हजार गांवों को बस सेवा से जोड़ेगा परिवहन निगम : दयाशंकर
  2. परिवहन मंत्री ने बताया कि 1540 नए मार्ग किए गए हैं निर्धारित
  3. महाकुंभ के लिए आईं तीन हजार बसें नए मार्गों पर होंगी संचालित

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने 28 हजार गांवों को बस सेवा से जोड़ने के लिए 1540 नए रूट निर्धारित किए हैं। प्रयागराज महाकुंभ के लिए आईं तीन हजार नई बसों को इन नए मार्गों पर संचालित किया जाएगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि इसके बाद जितने भी गांव बच जाएंगे, उन्हें मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के अंतर्गत बस सेवा से जोड़ दिया जाएगा।

परिवहन मंत्री ने शुक्रवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सपा सदस्य पंकज मलिक व अखिलेश के प्रश्नों के जवाब में कहा कि अब तक सरकार ने 6,638 नई बसें खरीदी हैं। इनमें से तीन हजार बसें महाकुंभ के लिए खरीदी गई हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम में 10 वर्ष का समय पूरा करने या 11 लाख किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बस को बेड़े से हटा दिया जाता है।

कुछ बसों को वर्कशॉप में ठीक कराकर चलाया जाता है

कुछ बसों को वर्कशॉप में ठीक कराकर 15 वर्ष तक भी चलाया जाता है। परिवहन मंत्री ने बताया कि कुंभ से जो बसें खाली हुईं हैं, उन्हें अब नए मार्गों पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में एक भी डग्गामार बस नहीं चल रही हैं। जो निजी बसें चल रही हैं, वे नेशनल परमिट लेकर चल रही हैं।

हालांकि इन्हें रोक-रोककर बीच में सवारियां भरने की इजाजत नहीं होती हैं, लेकिन कुछ बस संचालक ऐसा कर रहे हैं। इनके खिलाफ साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत बस मार्ग से छूट गए गावों को भी शामिल कर लिया जाएगा। इसके लिए छोटी बसें भी खरीदी जाएंगी। डीजल व इलेक्ट्रिक बसों की नई खेप भी आने जा रही है। 

इसे भी पढ़ें- 'पहले गलत बिल बनाते हैं, फिर पैसा वसूलते हैं', सपा ने विधानसभा में उठाया Bijli Bill में गड़बड़ी का मुद्दा

सपा ने विधानसभा में उठाया Bijli Bill में गड़बड़ी का मुद्दा

समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को विधानसभा में बिजली के बिल में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। सपा सदस्य राजेन्द्र प्रसाद चौधरी व फहीम इरफान ने कहा कि विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। पहले गलत बिल बनाते हैं फिर सही करने के नाम पर पैसा वसूलते हैं।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि जहां से भी शिकायत मिलती है तत्काल कार्रवाई की जाती है। बड़ा अधिकारी हो या छोटा जो भी गड़बड़ी करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि गड़बड़ी करने वाले 3400 कर्मचारियों को अब तक बर्खास्त किया जा चुका है। 28 कर्मचारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जा चुकी है।