विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी में 44 हजार पदों पर होगी होमगार्ड जवानों की भर्ती, ज‍िलावार बनेगी मेर‍िट; क‍िए गए ये खास बदलाव

Published: Mon, 09 Dec 2024 03:56 PM (IST)

UP homeguard bharti News सिपाही भर्ती की तर्ज पर अब लगभग 44 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती कराए जाने की ...और पढ़ें

होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए भी लिखित परीक्षा कराए जाने की है तैयारी।- सांकेत‍िक तस्‍वीर
होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए भी लिखित परीक्षा कराए जाने की है तैयारी।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. होमगार्ड भर्ती के लिए बोर्ड गठित करने की प्रक्रिया शुरू
  2. 44 हजार पदों के लिए होगी लिखित परीक्षा, जिलावार बनेगी मेरिट

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सिपाही भर्ती की तर्ज पर अब लगभग 44 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती कराए जाने की तैयारी है। निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाने के लिए होमगार्ड विभाग उप्र पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के नियमों का अध्ययन कर रहा है। होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए भी लिखित परीक्षा कराए जाने की तैयारी है, जिसकी मेरिट जिलावार तैयार की जाएगी और दौड़ के बाद अंतिम परिणाम घोषित होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर होमगार्ड जवानों को आपदा मित्र के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके लिए होमगार्ड मुख्यालय राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नियमों का भी अध्ययन करा रहा है। भर्ती के लिए नई नियमावली तैयार कर होमगार्ड भर्ती के लिए अलग बोर्ड गठित होगा। प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर जल्द मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

होमगार्ड मुख्यालय सिपाही भर्ती की प्रकिया व नियमों का बारीकी से अध्ययन कर रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे जाने के बाद सिपाही भर्ती की तरह एक साथ लिखित परीक्षा कराई जाएगी। इसके बाद जिलावार मेरिट बनेगी और चयनित अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जाएगी। पूर्व में होमगार्ड भर्ती के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होती थी। जबकि दो किलोमीटर की दौड़ का प्रावधान था। अब दौड़ को ढाई से तीन किलोमीटर किए जाने पर भी विचार चल रहा है।

पुलिस भर्ती की तरह महिला होमगार्ड की भर्ती के लिए 20 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाने के साथ ही अन्य नियम भी लागू होंगे। होमगार्ड जवानों की अंतिम भर्ती वर्ष 2011 में हुई थी। इसके बाद उनकी भर्ती को लेकर नियमों में कई बदलाव तो हुए पर जिला स्तर पर भर्ती की प्रक्रिया पूरा नहीं कराई जा सकी। अब मुख्यालय स्तर से पूरे प्रदेश में एक साथ भर्ती प्रक्रिया अपनाए जाने की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं। जिला स्तर पर होमगार्ड की भर्ती प्रकिया में धांधली के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। कुछ वर्ष पूर्व प्रयागराज में हुई भर्ती में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे और तत्कालीन जिला कमांडेंट को बर्खास्त कर दिया गया था।

1.18 लाख पद स्वीकृत, कार्यरत हैं 75 हजार

होमगार्ड स्वयंसेवकों के 1,18,348 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में लगभग 75 हजार होमगार्ड स्वयंसेवक कार्यरत हैं। प्रति वर्ष लगभग चार हजार होमगार्ड सेवानिवृत्त भी हो रहे हैं। यही वजह है कि होमगार्ड जवानों के लगभग 44 हजार पदों को भरने के लिए दो चरणों में भर्ती कराए जाने का लख्य रखा गया है। डीजी होमगार्ड बीके मौर्य का कहना है कि भर्ती बोर्ड के गठन की प्रकिया शुरू की गई है। अभी नियमावली को लेकर मंथन चल रहा है।

यह भी पढ़ें: IAS Promotion In UP: योगी सरकार का आईएएस अधि‍कार‍ियों को बड़ा तोहफा, नए साल में 115 अफसरों को मिलेगा प्रमोशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।