Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Flood Update: 21 जिलों के 694 गांव बाढ़ की चपेट में, 373 मकानों को नुकसान, प्रभावितों को दी जा रही राहत

    Updated: Tue, 05 Aug 2025 07:59 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में बाढ़ से हालात गंभीर हैं 694 गांव प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं और 172255 लोगों को राहत पहुंचाई गई है। 38615 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। सरकार प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही है।

    Hero Image
    21 जिलों के 694 गांव बाढ़ की चपेट में, 373 मकानों को नुकसान

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राहत आयुक्त कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 21 जिलों की 48 तहसीलों के 694 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। कुल 11,386 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ से प्रभावित है। 

    दावा किया गया है कि इन क्षेत्रों के अब तक 1,72,255 नागरिकों को राहत पहुंचाई गई। 20,336 मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। बाढ़ की चपेट में आकर 373 मकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से 356 लोगों को सहायता राशि दी गई है। अब तक 38,615 लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों में तेजी लाने, पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश के बाद अतिसंवेदनशील और संवेदनशील जिलों में अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। 

    57 जिलों में एनडीआरएफ की 14, एसडीआरएफ की 15 और पीएसी की 48 टीमों को तैनात किया गया है। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में 1,196 नावों और मोटरबोट की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। 

    अब तक 12,000 खाद्यान्न पैकेट और 1,63,548 लंच पैकेट बांटे गए हैं। मवेशियों के लिए 3,560 क्विंटल भूसा बांटा गया है। संक्रामक रोगों से बचाव के लिए 1,72,190 क्लोरीन की गोलियां और 1,29,342 ओआरएस पैकेट भी बांटे गए हैं, जिससे जलजनित बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके। 

    बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बने 959 बाढ़ शरणालय में 18,772 लोग अस्थायी रूप से रह रहे हैं। 846 मेडिकल टीमें इन लोगों की जांच कर रही हैं। 1,277 बाढ़ चौकियों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।