'अवसरवाद और सत्ता की लालसा पर आधारित है इंडी गठबंधन', उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा-कांग्रेस पर किया वार
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि एमएलसी चुनाव में दोनों दल अलग लड़ेंगे जो इंडी गठबंधन का अवसरवाद दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा और 90 राज्य सरकारें बर्खास्त कीं। पाठक ने सपा को आत्म-अवलोकन की सलाह दी क्योंकि उनके शासन में गुंडे और माफिया पनपे। भाजपा और एनडीए के प्रत्याशी भारी मतों से जीतेंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अगले वर्ष एमएलसी की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव दोनों दल अलग-अलग लड़ेंगे। यह इंडी गठबंधन की असलियत उजागर करता है। यह गठबंधन केवल अवसरवाद और सत्ता की लालसा पर आधारित है, इसमें न कोई वैचारिक प्रतिबद्धता है और न ही जनता के लिए कोई गंभीर सोच। भाजपा और एनडीए गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन प्रचंड मतों से विजयी होंगे। जनता का विश्वास भाजपा और एनडीए के साथ है और यही भारतीय लोकतंत्र की सच्ची ताकत है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव का बयान अंतर्विरोधों से भरा हुआ है। उन्हें कांग्रेस के काले इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। यही कांग्रेस है जिसने देश पर आपातकाल थोपकर पूरे भारत को कैदखाने में बदल दिया था।
यही नहीं, कांग्रेस ने अलग-अलग समय पर जनता द्वारा चुनी गई 90 राज्य सरकारों को बर्खास्त कर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय है, जिसे देश कभी भूल नहीं सकता। सपा को आत्मावलोकन की आवश्यकता है। प्रदेश की सत्ता में जब-जब सपा रही, गुंडे और माफिया सत्ता के आशीर्वाद से पनपे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।