यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: ISI एजेंटों के अलकायदा कनेक्शन की भी हो रही जांच, रडार पर गोंडा के कई और संदिग्ध युवक
एटीएस की छानबीन में आईएसआई के एजेंट गोंडा के रईस व मुकीम का नेपाल कनेक्शन सामने आया है। सूत्रों का ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। एटीएस की छानबीन में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट गोंडा निवासी मु. रईस व मुकीम का नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि दोनों बीते दिनों नेपाल गए थे और वहां कुछ संदिग्धों के सीधे संपर्क में थे।
एटीएस ने गोंडा से सद्दाम शेख को किया था गिरफ्तार
एटीएस ने दो जुलाई को गोंडा निवासी आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े संदिग्ध आतंकी सद्दाम शेख को भी गिरफ्तार किया था। एटीएस गोंडा निवासी इन युवकों के आपसी कनेक्शन को भी खंगाल रही हैं। आशंका है कि आइएसआइ के संपर्क में आने के बाद रईस व मुकीम कुछ अन्य संगठनों के भी संपर्क में आ चुके थे। इसे लेकर उनकी इंटरनेट मीडिया पर बीते वर्षों में रही गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।
एक अगस्त को धरा गया मुकीम
एटीएस ने रईस से पूछताछ के आधार पर उसके दो अन्य साथियों अरमान अली व मु. सलमान सिद्दीकी को 16 जुलाई को मुंबई से पकड़ा था। जिसके बाद एक अगस्त को मुकीम पकड़ा गया था। इनमें सलमान भी गोंडा का ही निवासी है। बीते एक माह में गोंडा निवासी चार युवक देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के मामले में पकड़े गए हैं।
कई और संदिग्ध युवकों की जांच
रईस व उसके साथियों की जांच में गोंडा व आसपास जिलों के कई और संदिग्ध युवकों की पड़ताल की जा रही है। रईस, सलमान व मुकीम से पूछताछ में उनके संपर्क में रहे एक दर्जन से अधिक युवकों के बारे में जानकारी जुटाई गई है। इसे लेकर अन्य जांच एजेंसियों से भी सूचनाएं साझा की गई हैं। गोंडा व आसपास के जिलों में स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सतर्क किया गया है।
UP News: ISI एजेंट रईस को लेकर गोंडा पहुंची एटीएस टीम, परिवार से की पूछताछ
कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही एटीएस
एटीएस की छानबीन में सामने आया था कि रईस सबसे पहले मुंबई निवासी अरमान के संपर्क में आया था और उसके माध्यम से आईएसआई के हैंडलर के सीधे संपर्क में आया था। जिसके बाद रईस ने अपने क्षेत्र के निवासी सलमान व मुकीम को भी आइएसआइ के नेटवर्क से जोड़ा था और उन्हें झांसी रेलवे स्टेशन व बबीना छावनी की जासूसी के लिए भेजा था। एटीएस मुकीम को पुलिस रिमांड पर लेकर कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
