कोई कांवड़ तो कोई PDA पाठशाला का मॉडल लेकर पहुंचा.... मानसून सत्र के पहले दिन सपा ने इस अंदाज में किया विरोध-प्रदर्शन
लखनऊ में मानसून सत्र के पहले दिन सपा विधायकों ने अनोखे तरीके से सरकार की नीतियों का विरोध किया। मेरठ के सपा विधायक अतुल प्रधान कांवड़ लेकर विधान भवन पहुंचे जिस पर पाठशाला और मधुशाला के संदेश थे। एमएलसी आशुतोष सिन्हा पीडीए पाठशाला का मॉडल लेकर आए जबकि अन्य विधायकों ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरकार द्वारा पाठशालाएं बंद करने का भी विरोध किया गया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मानसून सत्र के पहले दिन सपा सदस्यों ने अनोखे ढंग से सरकार की नीतियों का विरोध किया।
मेरठ की सरधना सीट से सपा विधायक अतुल प्रधान सोमवार को कांवड़ लेकर विधान भवन परिसर पहुंचे। इस कांवड़ में एक तरफ लिखा था- हमें चाहिए पाठशाला और दूसरी तरफ था नहीं चाहिए मधुशाला।
लखनऊ: सोमवार को सत्र में भाग लेने से पहले प्राथमिक विद्यालय व शराब की दुकान की कावड़ बनाकर पहुंचे मेरठ से समाजवादी के विधायक अतुल प्रधान। जागरण
उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में कहीं ड्रेस तो कहीं फीस के नाम पर वसूली की जाती है। इस कारण आम आदमी का बच्चा नहीं पढ़ सकता है। हमें पाठशाला से मतलब है, हमें स्कूल चाहिए...। हमें मधुशाला नहीं चाहिए। सरकार 27 हजार पाठशालाएं बंद करने जा रही है, वहीं इतनी मधुशालाएं खोली जा रही हैं।
लखनऊ: सोमवार को सत्र में जाने से पहले विधान भवन के सामने प्रदर्शन करते सपा विधायक सचिन यादव, मोहम्मद फहीम, डा. रागिनी सोनकर व विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा। जागरण
सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा पीडीए पाठशाला का मॉडल लेकर विधान भवन पहुंचे। उन्होंने हाथ में तख्ती ली हुई थी जिसमें लिखा था आप चलाइये मधुशाला हम चलाएंगे पीडीए पाठशाला...। कुछ विधायक बारिश में भीगते हुए साइकिल से विधान भवन पहुंचे।
जसराना के विधायक इंजीनियर सचिन यादव ग्रेजुएट गाउन पहनकर विधानसभा पहुंचे। काले रंग के इस गाउन में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आत्महत्या जैसे शब्द लिखे थे। उन्होंने डिग्री लिखा एक कागज अपने हाथ में ले रखा था। इस पहनावे में उन्होंने अनोखे अंदाज में सरकार के प्रति अपना विरोध जताया।
सदन शुरू होने से पहले सपा विधायकों ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, प्राथमिक स्कूलों को बंद करने और उनका विलय करने, खाद की समस्या, कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, वोट चोरी के विरोध और बाढ़ की समस्या को लेकर विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। सदस्यों ने लाल टोपी लगाकर हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।