Gola Gokarnath Bypoll Result: अखिलेश का बड़ा आरोप, भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को किया पराजित, मर्यादाएं तार-तार
Gola Gokarnath Assembly Bypoll Result सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ चुनाव में कदम-कदम पर धांधली हुई। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को तरह-तरह से प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने समाजवादी समर्थकों को घरों से उठाकर भयभीत किया। प्रशासन तंत्र ने भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम किया।

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लोकतंत्र को पराजित किया है। मतदाताओं ने 90 हजार से ज्यादा वोट समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को देकर भाजपा को चुनौती दी है। इस चुनाव में लोकतंत्र की मर्यादाएं तार-तार हुई है। भाजपा ने चुनाव जीत लेने का दावा मतदान का परिणाम आने से पहले किया था। भाजपा के पक्ष में चुनाव में जोर जबर्दस्ती वोट बटोरे गए।
उपचुनाव में कदम-कदम पर हुई धांधली
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव में कदम-कदम पर धांधली हुई। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को तरह-तरह से प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने समाजवादी समर्थकों को घरों से उठाकर भयभीत किया। प्रशासन तंत्र ने भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम किया।
भाजपाराज में निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव में यह बात तो मतदान के दिन ही स्पष्ट हो गई थी कि भाजपाराज में कहीं भी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं। मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से भाजपा काम ही नहीं करने देती है। मतदान के दिन पुलिस लाठीचार्ज, पोलिंग एजेंट को भगा देने, खासकर मुस्लिमों, समाजवादी पार्टी के समर्थकों तथा बूथ प्रभारियों को प्रताड़ित करने, मतदाताओं में पैसे बांटने जैसी घटनाओं से साफ था कि भाजपा बौखलाहट में जीत के लिए कुछ भी करेगी।
भाजपा को छल-बल से सिर्फ सत्ता चाहिए
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को सिर्फ सत्ता चाहिए। छल-बल, झूठ-फरेब हर हथकंडा वह इसके लिए अपनाती है। आखिर क्यों नहीं निर्वाचन आयोग चुनावों में पारदर्शिता बनाए रखने और निष्पक्षता बरतने में सफल नहीं हो सका? यह स्थिति लोकतंत्र के लिए खतरे का संकेत है। भाजपा सभी नैतिक मूल्यों, आदर्शों की हत्या कर लोकतंत्र को भी दागदार बनाने पर तुल गई है। अब मतदाताओं को पूरी मुस्तैदी से होने वाले आगामी चुनावों में लोकतंत्र को बचाने का पूरी ताकत से संघर्ष करना ही होगा।
उपचुनाव जीते भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि
बता दें कि लखीमपुर जिले के गोलागोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि 34298 मतों से चुनाव जीत गए हैं। अमन गिरि को 124810 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी विनय तिवारी को 90512 वोट मिला है। इस चुनाव में सपा और भाजपा के बीच आमने-सामने की टक्कर थी। कांग्रेस और बसपा ने उपचुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। भाजपा अपनी न सिर्फ सीट बचाने में सफल हुई है, बल्कि उसके वोट प्रतिशत में जबरदस्त इजाफा हुआ है। अभी 8 महीने पहले हुए सामान्य चुनाव में जो वोट प्रतिशत 50 फीसद से नीचे था वह 55 से ऊपर पहुंच गया है। वहीं सपा का वोट प्रतिशत भी बढ़ गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।